फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Roadways Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में बल्लभगढ़ से अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले के लिए स्पेशल बसें संचालित की जाएगी. 31 जनवरी की सुबह 7 बजे से मेले के लिए स्पेशल बसों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. यहां से हर 30 मिनट बाद मेले के लिए बस रवाना होगी. वहीं, शनिवार व रविवार को हर 15 मिनट बाद बस सेवा का लाभ मिलेगा.
फरीदाबाद से रोजाना 20 बसों का होगा संचालन
हरियाणा रोडवेज प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है. सूरजकुंड मेले के लिए रोजाना 20 बसों का संचालन किया जाएगा. फरीदाबाद रोडवेज डिपो के एक अधिकारी नवनीत बजाज ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में बसों के सुचारू संचालन को सुगम बनाने के लिए चालक व परिचालकों की छुट्टी पर पाबंदी लगाने का आदेश जारी किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि सूरजकुंड मेले में बसों की सुचारू व्यवस्था को बनाए रखने के लिए 6 इंस्पेक्टरों की स्पेशल ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि पर्यटकों को आवाजाही में कोई परेशानी न उठानी पड़े. विभाग की ओर से बसों की समय- सारणी और किराया सूची को लगभग फाइनल कर लिया गया है. बसों का संचालन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा.
यह रहेगी टाइमिंग
मेला स्थल सूरजकुंड से बड़खल मेट्रो स्टेशन के लिए बस शटल सेवा (मिनी बसें) सुबह 7 बजे से पहली बस और उसके बाद साढ़े 8, साढ़े 9, साढ़े 10, साढ़े 11, दोपहर साढ़े 12 बजे, डेढ़ बजे, ढाई बजे, साढ़े 3, साढ़े 4, साढ़े 5 और आखिरी बस शाम साढ़े 6 बजे रवाना होगी. वहीं, बड़खल मेट्रो स्टेशन से मेला परिसर के लिए किराया 10 रुपए रहेगा. इसके अलावा, बदरपुर बॉर्डर से सूरजकुंड मेला परिसर के लिए 25 रुपए किराया निर्धारित किया गया है.
