फरीदाबाद | दिल्ली- NCR में DND- KMP एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार पर काबू पाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से एक नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) से इन सड़कों पर AI से लैस CCTV कैमरे लगवाने की योजना बनाई है. साथ ही, जागरूकता संबंधी डिस्प्ले बोर्ड और सूचना पट्ट लगाने की भी मांग की गई है.
तेज रफ्तार से हादसों की संभावना
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली से बल्लभगढ़, पलवल, आगरा, राजस्थान आदि क्षेत्रों में जाने वाले लोग दिल्ली के कालिंदी कुंज होते हुए DND- KMP एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करते हुए आसानी से अपने गंतव्य की ओर जाते हैं. इसी तरह फरीदाबाद- पलवल के वाहन चालक भी आसानी से सेक्टर- 64 से चढ़कर आसानी से नोएडा- दिल्ली तक सफर तय करते हैं. लिहाजा, इन सड़कों पर निर्धारित गति से ज्यादा रफ्तार में वाहनों का दौड़ना जारी है, जिसके चलते हर वक्त दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है.
ऐसे में ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर वाहनों की स्पीड जांचने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. जगह- जगह इंटरसेप्टर मशीन से स्पीड जांचने के अलावा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी. इसीलिए NHAI से स्पीड मापने वाले AI से लैस CCTV कैमरे स्थापित करने की मांग की गई है.
मिलेगा यह फायदा
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि AI से लैस सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने पर सक्रिय बदमाशों को काबू करने में सफलता मिलेगी. पुलिस ऐसे आपराधिक छवि वाले लोगों को आसानी से पहचान सकेगी. इसके अलावा, ट्रैफिक नियमों का उल्लघंन करने वाले वाहनों के फोटो को आसानी से कैप्चर किया जा सकेगा.
