गर्मी में राहत देने वाला फरीदाबाद का यह अनोखा घर, पर्यावरण संरक्षण की मिसाल; बिना AC के रहता है कूल

फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद शहर के बीच में एक ऐसा अनोखा घर है, जिसे देखने वाले देखते ही रह जाते हैं. दरअसल, शहर के बीचों- बीच मिट्टी से एक शानदार और अनोखा दो मंजिला घर बनाया गया है. यह घर बिना एयर कंडीशन के भी भीषण गर्मी में ठंडा रहता है. इस घर को देखकर लोग हैरान हुए जा रहे हैं.

Faridabad House

विज्ञान और आधुनिकता की दौड़ में इंसान ने तकनीक के कई साधन अपना लिए हैं, लेकिन प्रकृति को पीछे छोड़ दिया है. इंसानों ने प्राकृतिक संसाधनों का दुरुपयोग किया है, जिससे हर साल गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. अब लोग पुराने समय की याद करते हुए कंक्रीट की जगह मिट्टी से बने घरों की अहमियत समझने लगे हैं.

पर्यावरण अनुकूल घर

ऐसे घर अब मुश्किल से ही देखने को मिलते हैं, लेकिन फरीदाबाद के सूरजकुंड एरिया में बना यह 2 मंजिला मिट्टी का घर सबका ध्यान खींचता है. यह घर आर्किटेक्ट रेवती कामथ और बसंत कामथ ने करीब 30 साल पहले बनाया था. दोनों के निधन के बाद अब इस घर की देखभाल एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली प्रेरणा प्रसाद कर रही हैं. प्रेरणा बताती हैं कि अब इस घर को वास्तुकला की पढ़ाई में शामिल किया गया है. शुरुआत में यहां की जमीन ऊबड़- खाबड़ थी, लेकिन रेवती कामथ ने अपनी प्लानिंग और डिजाइनिंग से यहीं पर यह 2 मंजिला घर बना डाला.

यह भी पढ़े -  हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, फरीदाबाद रोडवेज ने बढ़ाई बसों की संख्या

वास्तुकला का बेजोड़ नमूना

गर्मियों में यह घर ठंडा और सर्दियों में गर्म रहता है. खास बात यह है कि बिना किसी मशीन के यहां वातावरण काफी आरामदायक बना रहता है. इस घर को पूरी तरह पारंपरिक तरीके से बनाया गया है. इसमें ईंट और सीमेंट की जगह केवल मिट्टी का उपयोग हुआ है. इसकी छत पर लकड़ी और बांस का ढांचा तैयार कर उस पर मिट्टी डाली गई है और घास उगाई गई है. इससे किसी भी मौसम में घर का तापमान लगभग स्थिर बना रहता है.

आर्टिफिशियल बारिश का अनुभव

इस घर के बीचोबीच एक स्प्रिंकलर लगाया गया है, जिससे धीरे- धीरे पानी ऊपर से नीचे गिरता है. यह आर्टिफिशियल बारिश जैसी फीलिंग देता है. प्रेरणा बताती हैं कि यहां पहाड़ों जैसी ठंडक और शांति महसूस होती है. 30 साल पुराने इस घर को देखने के लिए आज भी लोग दूर- दूर से आते हैं और इसकी सराहना करते हैं.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts