फरीदाबाद | कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने आम नागरिकों से शिवरात्रि तक आगरा नहर मार्ग का इस्तेमाल नहीं करने और वैकल्पिक रास्तों से सफर करने की अपील की है. यातायात पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रा का मुख्य मार्ग आगरा नहर के साथ निर्धारित किया गया है. बड़ी संख्या में कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए दुर्गा बिल्डर से सोतई पुल तक आगरा नहर के साथ वाले मार्ग पर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.

कुछ वाहन चालक प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं. सेहतपुर की ओर जाने वाले वाहन चालक नया पल्ला पुल का उपयोग करें. पल्ला और तिलपत जाने वाले लोगों को पल्ला पुल से होकर जाने की सलाह दी गई है. मवई, धीरज नगर और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले वाहन सेक्टर- 28/ 29 पुल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं.
लोगों से अपील
फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें. सभी के सहयोग से कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहेगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी की जा सकेगी.