फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद से गुरुग्राम और सोहना के लिए रोजाना आवागमन करने वाले लाखों लोगों के लिए एक उम्मीद भरी खबर सामने आई है. इन शहरों के बीच सफर करने वाले लोगों को बहुत जल्द टोल टैक्स से राहत मिलने जा रही है क्योंकि टोल वसूली करने वाली कंपनी रिलायंस का 12 जून को करार पूरा हो रहा है.

रिलायंस द्वारा करार आगे बरकरार रखने के लिए प्रदेश सरकार से अनुमति मांगी गई है, जो अभी विचाराधीन है. उधर बड़खल विधानसभा सीट से विधायक धनेश अदलखा ने सीएम नायब सैनी को पत्र लिखकर टोल प्लाजा हटाने की मांग की हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री से करार आगे न बढ़ाने का आग्रह किया है.
4 जगहों पर टोल वसूली
गुरुग्राम- फरीदाबाद टोल रोड परियोजना के तहत रिलायंस इंफ्रा कंपनी ने फरीदाबाद से गुरुग्राम और बल्लभगढ़ से सोहना तक सड़क निर्माण किया था. इस कंपनी द्वारा टोल वसूली के लिए गुरुग्राम के बंधवाड़ी व नून्हेरा में और फरीदाबाद के पाखल व पाॅली क्रेशर जोन नामक जगहों पर टोल प्लाजा स्थापित किए गए हैं.
करार आगे न बढ़ाने की सिफारिश
इस परियोजना के तहत टोल वसूली की मियाद 31 मई 2026 को खत्म हो रही है लेकिन कंपनी ने कई कारण गिनाते हुए 12 जून तक इसे बढ़ाने की अपील की हैं, जिसे स्वीकार कर लिया गया है. इतना ही नहीं अब कंपनी वसूली की समय- सीमा को और बढ़ानें के लिए सरकार से आग्रह कर रही है. हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने इसका विरोध किया है और सरकार ने इस समय-सीमा में बढ़ोतरी नहीं करने की सिफारिश की गई है.
टोल प्लाजा की निर्धारित समय- सीमा पूरी हो रही है तो सरकार को इसे आगे न बढ़ाकर जनहित में बंद कर देना चाहिए. इससे जनता पर अनावश्यक खर्च का बोझ नहीं पड़ेगा. फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना तीनों ही शहरों में लोगों की आपस में रिश्तेदारी है और नौकरी के लिए भी बड़ी संख्या में लोग इन शहरों के बीच आवागमन करते हैं. ऐसे में टोल हटने से लाखों की आबादी को राहत पहुंचेगी- स्थानीय लोग