फतेहाबाद की एथलीट पूजा ओला ने साउथ कोरिया में गाड़े झंडे, एशियाई चैंपियनशिप में जीता सिल्वर

फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले के बैजलपुर गांव की एथलीट पूजा ओला (Puja Olla) ने साउथ कोरिया में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है. बुधवार दोपहर को हुए फाइनल मुकाबले में पूजा ने दूसरा स्थान हासिल कर यह उपलब्धि अपने नाम की. अब वह दो दिन बाद होने वाली 800 मीटर की दौड़ में गोल्ड जीतने के लक्ष्य के साथ तैयारी में जुटी हुई हैं.

Pooja Ola Fatehabad

गोल्ड की उम्मीद

पूजा की सफलता से उनके गांव में खुशी का माहौल है. बैजलपुर के सरपंच हेमंत कुमार बैजलपुरिया ने बताया कि गांव की बेटी ने विदेशी धरती पर देश और गांव का नाम चमका दिया है. अब सबकी नजरें 800 मीटर की दौड़ पर टिकी हैं. उम्मीद है कि पूजा वहां भी गोल्ड मेडल लाएंगी. उनके गांव लौटने पर ढोल- नगाड़ों और फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन मिले, तो वे किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं.

शुरुआत से ही रहा शानदार करियर

पूजा ओला का एथलेटिक्स करियर काफी शानदार रहा है. साल 2018- 19 में वडोदरा में 1500 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने शुरुआत की. इसके बाद, रांची में जूनियर नेशनल में सिल्वर और ब्रॉन्ज, नई दिल्ली में नेशनल स्कूल गेम्स में 800 मीटर में गोल्ड, पुणे में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गोल्ड, रायपुर में सिल्वर और हांगकांग में एशियन यूथ चैंपियनशिप में भी सिल्वर मेडल जीता.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

हर प्रतियोगिता में दिखाया दमखम

केरल में फेडरेशन कप में 800 और 1500 मीटर दोनों में गोल्ड, गुंटूर में 1500 मीटर में सिल्वर और संगरूर में नेशनल स्कूल गेम्स में गोल्ड जीते. वर्ष 2022 में बंगलुरू में हुए खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में 800 मीटर में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा को दोहराया. अब 28 मई 2025 को साउथ कोरिया में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर पूजा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts