ऑल इंडिया नेशनल गेम्स में सैनिक स्कूल खारा- खेड़ी का जलवा, ओवरआल चैंपियंस ट्रॉफी का बना विजेता

फतेहाबाद | ऑल इंडिया सैनिक स्कूल नेशनल गेम्स ‘ग्रुप ए’ का भव्य आयोजन सैनिक स्कूल कपूरथला में 14 जुलाई से 18 जुलाई तक किया गया. इसमें सात सैनिक स्कूलों ने हिस्सा लिया जिनमें चार पुराने सैनिक स्कूल (कुंजपुरा, कपूरथला, नगरोटा एवं सुजानपुर टीरा) और तीन नए सैनिक स्कूल (खारा- खेड़ी, नाभा एवं नालागढ़) शामिल थे. इन खेलों में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल के जूनियर एवं सब जूनियर लड़के एवं लड़कियों के मुकाबले हुए.

Fatehabad School

सभी प्रतिभागियों को अपने स्कूल की तरफ से एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करना था, जिसके लिए एक अलग ट्रॉफी की व्यवस्था की गई थी. इन खेलों में कुल 7 प्रतियोगिताओं की चैंपियनशिप थी जिसमें से सैनिक स्कूल खारा खेड़ी ने 6 प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करके जीत हासिल की है.

स्टूडेंट्स ने बिखेरी चमक

सैनिक स्कूल खारा खेड़ी के कैडेट्स ने एथलेटिक्स गर्ल्स, एथलेटिक्स बॉयज, वॉलीबॉल बॉयज, बास्केटबॉल गर्ल्स, सांस्कृतिक एवं ओवरऑल चैंपियनशिप की कुल 6 ट्रॉफियों पर कब्जा किया. एथलेटिक्स में कुल 18 इवेंट्स हुए, जिनमें से सैनिक स्कूल खारा खेड़ी के कैडेट्स ने 17 इवेंट्स में पदक जीते. इन 17 पदकों में 10 स्वर्ण, 04 रजत एवं 03 कांस्य पदक शामिल है. स्कूल कैडेट सत्यप्रिया को सब जूनियर गर्ल्स में सर्वश्रेष्ठ धावक, कैडेट वंदना को जूनियर गर्ल्स में सर्वश्रेष्ठ धावक, कैडेट केशव रोशन को सब जूनियर बॉयज में सर्वश्रेष्ठ धावक, कैडेट अतुल को बेस्ट वालीबॉल खिलाड़ी और कैडेट वंदना को बेस्ट बास्केटबॉल खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया.

स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ियों का फूल मालाएं पहनाकर और फूलों की वर्षा करके जोरदार स्वागत किया गया. इन विजेताओं के लिए विशेष सम्मान सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल प्रशासन की तरफ से स्कूल संचालिका डॉ. ज्योत्स्ना ने विजेता खिलाड़ियों के लिए नगद इनाम राशि की घोषणा की.

कर्नल धर्मवीर नेहरा ने भी अपनी तरफ से स्कूल टीम को 5100 रुपए की नगद राशि प्रोत्साहन के रूप में दी एवं राष्ट्रीय सैनिक स्कूल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी. जो भी कैडेट्स अपने- अपने इवेंट्स में प्रथम स्थान पर आए, उन्हें ग्रुप ए की तरफ से अंतर समूह ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रतियोगिता के लिए चुना गया. यह प्रतियोगिता नवंबर महीने में सैनिक स्कूल रीवा (मध्यप्रदेश) में आयोजित की जाएगी.

उज्जवल भविष्य की मिली शुभकामनाएं

स्कूल चेयरमैन डॉ. युद्धवीर सिंह, स्कूल संचालिका डॉ० ज्योत्स्ना, स्कूल प्रशासक श्री विक्रमादित्य, सैनिक स्कूल कमांडेंट कर्नल (डॉ.) डीवी नेहरा (रिटायर्ड) ने कैडेट्स के इस बेहतरीन प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी. इस शानदार प्रदर्शन के लिए स्कूल चेयरमैन डॉ. युद्धवीर सिंह एवं कर्नल नेहरा ने नायब सूबेदार देवेंद्र सिंह, लांस नायक विजय सिंह, कोच स्वाति रावत, कोच आदर्श यादव, लघु नाटिका निर्देशिका संजुक्ता, कोरियोग्राफर अजय कायत एवं संगीत अध्यापक रवि राही के योगदान की भरपूर प्रशंसा की और उन्हें धन्यवाद प्रेषित किया.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.