गुरुग्राम शहर में पहले से बेहतर होगी बुनियादी सुविधाएं, 165 करोड़ रुपए के 26 विकास कार्यों को मंजूरी

गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से आमजन की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां वीरवार को गुरुग्राम नगर निगम की वित्त एवं संविदा समिति की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए करीब 165 करोड़ रुपए की 26 विकास परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है.

Shankar Chowk Gurugram

शहर के विकास को मिलेगी रफ्तार

सीवरेज और जल प्रबंधन: वार्ड नंबर- 17 में 2 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवर लाइन के लिए 8.04 करोड़, बेगमपुर- खैटोला से बेहरामपुर रोड पर स्टॉर्म वॉटर ड्रेन के लिए 6.58 करोड़ रुपए और 600 एमएम सीवर लाइन की मजबूती व पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) के लिए 9.77 करोड़ रुपए की धनराशि को मंजूरी दी गई है.

मॉडल रोड और सड़कें: एमजी रोड से ओल्ड दिल्ली रोड तक सुंदर सिंह मार्ग मॉडल रोड के निर्माण के लिए 5.71 करोड़ रुपए.

सेक्टर- 14 में मॉडल रोड निर्माण के लिए 7.63 करोड़ और साउथ सिटी- 2 से निर्वाणा कंट्री रोड तक मॉडल रोड के लिए 6.09 करोड़ रुपए को मंजूरी.

सुशांत लोक Phase- 1 में सड़कों के निर्माण के लिए 9.58 करोड़ और न्यू पालम विहार के विभिन्न ब्लॉकों में सड़कों, सीवर और पानी की आपूर्ति के लिए 15.55 करोड़ से अधिक के प्रस्तावों को हरी झंडी दिखाई गई है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

खेड़कीदौला से सीही गांव तक सड़क निर्माण के लिए 4.63 करोड़ रुपए और दरबारीपुर में जलापूर्ति नेटवर्क बिछाने के लिए 2.96 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी गई है.

नई गौशाला बनाने की योजना

इस बैठक में गांव बलियावास में गौशाला निर्माण के लिए 9.93 करोड़ के प्रस्ताव पर चर्चा हुई, जिसे अंतिम निर्णय के लिए निगम सदन में भेजने का फैसला लिया गया है. सेक्टर- 12 ग्रीन बेल्ट नवीनीकरण के लिए 3.65 करोड़ के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान समिति ने इसमें वर्षा जल संचयन के प्रावधान को शामिल करने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया. इस अवसर पर मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि स्वीकृति परियोजनाएं शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करेगी और सभी कार्यों को निर्धारित समय- सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.