गुरुग्राम में 6 करोड़ से बदलेगी 4 किमी सड़क की तस्वीर, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

गुरुग्राम | दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों को जल्द ही खराब सड़क और ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. नगर निगम ने बिजवासन बॉर्डर से पालम विहार के राम चौक तक करीब 4 किलोमीटर लंबी सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है. करीब 6 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो अगले महीने के अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है. वर्तमान में इस मार्ग की हालत काफी खराब है.

Sadak Highway Road

जगह- जगह गहरे गड्ढे, धूल और ट्रैफिक जाम के कारण वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसी को देखते हुए नगर निगम पूरी सड़क का नए सिरे से निर्माण कराएगा. सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा.

गुरुग्राम में बदलेगी सड़क की तस्वीर

परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या नहीं होगी. पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाए जाएंगे, जबकि साइकिल चालकों के लिए अलग साइकिल ट्रैक भी तैयार किया जाएगा. इसके अलावा, एलईडी स्ट्रीट लाइट, स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल और आधुनिक रोड फर्नीचर भी लगाए जाएंगे जिससे सड़क की उपयोगिता और सुविधाएं बढ़ेंगी. धूल प्रदूषण कम करने और सड़क को आकर्षक बनाने के लिए दोनों ओर ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी. यहां छायादार और औषधीय पौधे लगाए जाएंगे जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ- साथ क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी.

यह भी पढ़े -  टैक्स नहीं भरा तो सील, मानेसर के मर्चेंट प्लाजा पर नगर निगम की कार्रवाई

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

सड़क तैयार होने के बाद बिजवासन बॉर्डर से पालम विहार के राम चौक तक का सफर पहले की तुलना में काफी तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा. इससे स्थानीय निवासियों के अलावा दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों और व्यावसायिक वाहनों को भी सीधा लाभ मिलेगा. नगर निगम गुरुग्राम के कार्यकारी अभियंता प्रवीण राघव के अनुसार, बिजवासन बॉर्डर से पालम विहार के राम चौक तक सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.