गुरुग्राम | दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर से लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि नेशनल हाईवे ऑथारिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हीरो होंडा चौक और उमंग भारद्वाज चौक के बीच सड़क मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार, अगामी 7 दिनों के अंदर सड़क को पूरी तरह से दुरस्त कर यातायात के लिए बेहतर बनाया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके.
गढ्ढों से परेशान थे वाहन चालक
लंबे समय से इस सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढों से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. बारिश के बाद तो स्थिति पहले से भी ज्यादा खराब हो जाती थी जिससे सड़क दुघर्टना होने की संभावना बनी रहती थी. रोजाना हजारों वाहन इस सड़क मार्ग से गुजरते है, ऐसे में सड़क की मरम्मत करना बेहद जरूरी हो चुका था. लंबे समय से लोग इसकी मांग उठा रहे थे जो अब जाकर पूरी हो रही है.
तेजी से चल रहा कार्य
गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने इस सड़क की मरम्मत के लिए लगभग 70 लाख रूपए मंजूर किए है. इसके बाद, GMDA ने सड़क निर्माण का कार्य NHAI को सौंप दिया और कार्य समय पर करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही, सड़क मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं.
NHAI अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य प्रगति पर है. क्षतिग्रस्त हिस्सों की खुदाई कर नई परत बिछाई जा रही है ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे. यदि मौसम अनुकूल रहा तो अगले 7 दिनों में इस काम को पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद, यात्रियों को हिचकोले खाते सफर से छुटकारा मिलेगा और वाहन चालक सुचारू रूप से यात्रा कर सकेंगे.
