द्वारका एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम- फरीदाबाद हाइवे पर आना होगा आसान, SPR पर बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर

गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में शहर के सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर एलिवेटेड रोड निर्माण को सीएम नायब सैनी ने अपनी मंजूरी प्रदान की है.

Elevated Road

करीब 14 किलोमीटर लंबा सदर्न पेरिफेरल रोड, गुरुग्राम- फरीदाबाद सड़क मार्ग पर गांव घाटा से शुरू होकर वाटिका चौक (गुरुग्राम- सोहना हाइवे) से होता हुआ दिल्ली- जयपुर हाइवे और द्वारका एक्सप्रेसवे से गांव खेड़कीदौला के पास जाकर मिलता है.

केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताई एलिवेटेड की उपयोगिता

सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सदर्न पेरिफेरल रोड के गांव घाटा से लेकर वाटिका चौक (गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन) रोड को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. इस बैठक में अधिकारियों ने पक्ष रखा कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अंडरपास का निर्माण किया जाए. केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने पक्ष रखा कि गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अरावली पर्वत श्रृंखला है. मानसून सीजन में बारिश का पानी गांव घाटा से तेज बहाव के साथ नीचे आता है. ऐसे में अंडरपास में जलभराव की स्थिति बनी रहेगी, जिससे लोगों को अंडरपास से गुजरते समय परेशानी झेलनी होगी. इसलिए इस रोड को एलिवेटेड बनाया जाना चाहिए.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा

सीएम नायब सैनी के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने भी एलिवेटेड रोड का समर्थन किया. इसके बाद, मुख्यमंत्री ने वाटिका चौक से लेकर खेड़कीदौला तक सदर्न पेरिफेरल रोड के करीब 6 किलोमीटर लंबे हिस्से को एलिवेटेड बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके लिए 3 महीने के भीतर नए सिरे से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाए.

सदर्न पेरिफेरल रोड की बात करें, तो यहां पीक आवर्स के दौरान अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. द्वारका एक्सप्रेसवे से किसी वाहन को गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड की तरफ जाना है, तो उसे कम- से- कम 50 मिनट तक का समय लगता है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.