गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां प्रशासन ने डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क पर बुलडोजर चलाकर करीब 100 अवैध इमारतों को हटाया जिनमें 9 इमारतें 3- 4 मंजिला थी और लगभग 30 इमारतें दो मंजिला थी. यह कार्रवाई फरूखनगर- डाबोदा रोड पर की गई जहां लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थी. यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं अतिक्रमण नोडल अधिकारी RS बाठ के मौजूदगी में संपन्न हुआ.
65 फुट चौड़ी होगी सड़क
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के बाद अब इस सड़क को 65 फुट चौड़ा किया जाएगा. इसे चौड़ा करने और निर्माण करने में लगभग 7 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. इस सड़क के निर्माण से प्रतिदिन लगने वाले जाम और भारी यातायात दबाव से स्थानीय लोगों एवं यात्रियों को राहत मिलेगी.
भारी पुलिस बल तैनात
प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण से संबंधित सभी संबंधित पक्षों को जानकारी दी गई थी. इसके बावजूद तय सीमा के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाया तो यह सख्त कदम उठाया गया. कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की विरोध से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. तोड़फोड़ का कार्य 5 दिनों तक प्रतिदिन सुबह से शुरू होकर 8- 9 घंटे तक चला.
इस दौरान JCB और अन्य मशीनों की मदद से अवैध दुकानों, मकानों और अस्थायी ढांचो को हटाया गया. इस अभियान में फरूखनगर नगर समिति, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन सेवा और एम्बुलेंस टीम ने योगदान दिया.
