गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कों को अक्टूबर महीने के आखिर तक दुरस्त कर लिया जाएगा. इसके लिए सभी विभागों ने एस्टीमेट तैयार कर लिया है. ट्रेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही बहुत जल्द मरम्मत कार्य को हरी झंडी दिखा दी जाएगी.
जिला डीसी अजय कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक के दौरान सीएम नायब सैनी को यह जानकारी दी है. सीएम ने इस दौरान गुरुग्राम की खस्ताहाल सड़कों की जानकारी ली और निर्धारित समय- सीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूरे करने के निर्देश दिए.
बारिश से हालात हुए खराब
पिछले कई महीनों से गुरुग्राम की ज्यादातर सड़कें खस्ताहाल स्थिति से जूझ रही है. भारी बारिश के बाद हालात और भी ज्यादा खराब हो चुके हैं. कई सड़कों के हालात ऐसे हैं कि पता ही नहीं चलता कि सड़क में गड्ढे हैं या गढ्ढों में सड़क हैं. अब इन सड़कों की हालत सुधारने को लेकर सीएम नायब सैनी की बैठक लेना यह साबित करता है कि बहुत जल्द ये सभी सड़कें चकाचक होने जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
इन सड़कों की बदलेगी तस्वीर
- पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) विभाग की 23 किलोमीटर लंबाई की 29 सड़कों की मरम्मत के लिए 17 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है.
- HSVP की सेक्टर 37 स्थित 46 सड़कों (कुल लंबाई 5.25 किलोमीटर) को 3.25 करोड़ रुपये की लागत राशि से दुरस्त किया जाएगा.
- पटौदी क्षेत्र में 72 सड़कों (कुल लंबाई 13 किलोमीटर) की मरम्मत हेतु 9 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है.
- मानसून सीजन में बरसात से बुढ़ेड़ा क्षेत्र की 2 सड़कें प्रभावित हुई थीं, जिन्हें जल्द ही दुरस्त किया जाएगा.
- HSIIDC के मानेसर क्षेत्र में 6 स्थानों पर जीर्णोद्धार कार्य होना है, जिनमें से 5 का कार्य आवंटित कर दिया गया है, जबकि एक अभी टेंडर प्रक्रिया में है.
- नगर निगम गुरुग्राम द्वारा जीर्णोद्धार के लिए 110 किलोमीटर की सड़कों को चिह्नित किया गया है, जिन पर करीब 60 करोड़ की लागत राशि खर्च होगी.
