गुरुग्राम | हरियाणा सरकार राज्य के विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है. इसी कड़ी में राज्य के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सीवर लाइन और सड़क निर्माण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की शुरूआत की.

विभिन्न कार्यों का शिलान्यास
इस कार्यक्रम के तहत, कई जगहों पर नई सीवर लाइन बिछाने और सड़कों का निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया. इसमें त्यागी मोहल्ला से तहसील तक सीवरेज लाइन बिछाने और RMC सड़क का निर्माण, नूरपुर मोड़ से अकलीमपुर परिमिट लाइन तक सीवर व सड़क का निर्माण, दरबारीपुर रोड पर नई सीवर लाइन डालना, विभिन्न गलियों में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाना और सेक्टर – 67 स्थित रामगढ़ कम्युनिटी सेंटर का नवीनीकरण शामिल है.
मंत्री ने ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए सड़कों को चौड़ा करने, बेहतर यातायात सुविधा और वैकल्पिक मार्गों के विकास पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को भी सुधारना है.
लोगों की समस्याओं पर विचार
मंत्री राव नरबीर सिंह ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी. लोगो ने बिजली, पानी, सड़क और सीवरेज से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखी. उन्होंने लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए और विकास कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा किया जाए.