गुरुग्राम | नए साल के शुभ अवसर पर गुरुग्राम जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. रविवार को मानेसर स्थित बाबा न्यारमदास गौशाला में आयोजित वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मानेसर को कई बड़ी सौगातों का तोहफा दिया.
मानेसर के लिए खुशखबरी
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मानेसर में 27 फीट रोड पर बरसाती नाला, गांव कुकरोला में सीवर लाइन एवं गलियों का निर्माण कार्य, गांव झुंड सराय में पार्क का निर्माण तथा तालाब के जीर्णोद्धार कार्यो का शिलान्यास किया. उन्होंने बाबा न्यारमदास गोशाला में तार की जाली वाली दीवार के निर्माण, ट्यूबवेल स्थापना तथा पानी की पाइपलाइन बिछाने के कार्य का भी शुभारंभ किया.
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उन्हें चरणबद्ध तरीके से धरातल पर अमलीजामा पहनाना हैं. उन्होंने बताया कि गुरुग्राम और मानेसर सहित पूरे क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पहले से पाइपलाइन में हैं. कुछ प्रोजेक्ट्स को इसी साल धरातल पर उतारा जाएगा जबकि कुछ प्रोजेक्ट्स के लिए मुख्यालय स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही है, उनपर इस साल के आखिर तक या अगले साल की शुरुआत में काम शुरू कर दिया जाएगा.
बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता
राव नरबीर सिंह ने कहा कि जनता के लिए हितकारी योजनाओं को निर्धारित समय- सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया जाएगा. हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि आमजन के हितों से जुड़ा कोई भी काम पेंडिंग न रहे और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें. प्रदेश के लोगों को समय पर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके, इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
