गुरुग्राम रैली में मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं, फोरलेन हाइवे सहित कई अन्य परियोजनाओं का मिला तोहफा

गुरुग्राम | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार को गुरुग्राम दौरे पर पहुंचे थे जहां उन्होंने गांव कांकरौला में आयोजित विकसित बादशाहपुर रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह सहित स्थानीय विधायक भी उपस्थित रहे. रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम जिले को कई बड़ी परियोजनाओं का तोहफा दिया.

CM Nayab Singh Saini

गुरुग्राम पर सौगातों की बारिश

सीएम नायब सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि गांव बुढ़ेड़ा में करीब 65 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा गांव टिकली में महाग्राम योजना के तहत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा जिससे टिकली, हसनपुर, सकतपुर, गैरतपुर और अकलीमपुर गांवों में स्वच्छ पेयजल और सीवरेज की बेहतर व्यवस्था मिलेगी.

उन्होंने बताया कि न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में लगभग 88 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जा रही सीवरेज लाइन का कार्य भी जल्द पूरा होगा. इसके अलावा न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में जहां भी संभव होगा, सड़कों की चौड़ाई बढ़ाकर 24 मीटर की जाएगी.

फोरलेन सड़क का तोहफा

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 365 करोड़ रुपए की लागत से मौजूदा 25 किलोमीटर लंबी गुरुग्राम- फर्रूखनगर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा. इसमें चंदू बाईपास निर्माण कार्य भी शामिल हैं. इस सड़क मार्ग के फोरलेन बनने से जहां एक दर्जन गांवों को सहूलियत मिलेगी वहीं दूसरी ओर KMP एक्सप्रेस-वे पर आवागमन भी आसान हो जाएगा.

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि गुरुग्राम, मानेसर और फर्रूखनगर में भूमि उपलब्धता के आधार पर दमकल केंद्र स्थापित किए जाएंगे. न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-90 से 95 में भूमि उपलब्धता पर श्मशान घाट का निर्माण कराया जाएगा. इसके अलावा साढ़े 41 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च कर 21.3 किलोमीटर लंबाई की 11 सड़कों की विशेष मरम्मत कराई जाएगी. गांवों से खेतों की ओर जाने वाले रास्तों को पक्का किया जाएगा. इसके साथ ही बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को और ज्यादा गति देने के लिए अलग से 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

बनेंगे रोजगार के अवसर

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र, प्रदेश और स्थानीय निकायों के तालमेल से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला क्षेत्र स्थित गांव खोह, कासन और सहरावन में लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से 200 एकड़ भूमि पर ‘नमो वन’ विकसित किया जा रहा है. यह परियोजना न केवल हरित क्षेत्र को बढ़ाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी. इससे हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.