गुरुग्राम में आज CM सैनी की दो बैठकें, जनसमस्याओं से लेकर स्टार्टअप तक होगी चर्चा

गुरुग्राम | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज गुरुग्राम दौरे पर रहेंगे. वह देर रात ही गुरुग्राम पहुंच गए थे. यहां उन्होंने बाढ़ड़ा के विधायक उमेद सिंह पातुवास की बेटी के सगाई समारोह में शिरकत की. मुख्यमंत्री आज दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे. अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सबसे पहले सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे.

CM Nayab Singh Saini 1

बैठक में जिले से जुड़े कुल 17 परिवाद रखे जाएंगे. मुख्यमंत्री प्रत्येक परिवाद पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी लेंगे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देंगे.

करेंगे सीधा संवाद

बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे. इसका उद्देश्य परिवादों की सुनवाई के साथ उनके समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी और समयबद्ध बनाना है. इसके बाद मुख्यमंत्री गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में जेन- एच उद्यमियों एवं युवाओं के साथ सीधा संवाद करेंगे. कार्यक्रम में सफल युवा उद्यमी और विशेषज्ञ स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देंगे.

इस दौरान युवाओं को स्टार्टअप की स्थापना, वित्तीय सहायता, ऋण, तकनीकी सहयोग और कारोबार को आगे बढ़ाने से संबंधित जरूरी जानकारी दी जाएगी. साथ ही युवाओं को अपने बिजनेस आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा.

यह भी पढ़े -  टैक्स नहीं भरा तो सील, मानेसर के मर्चेंट प्लाजा पर नगर निगम की कार्रवाई

दिखाएंगे हरी झंडी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस अवसर पर दो बसों को हरी झंडी दिखाकर ‘युवा उद्यमी यात्रा’ का शुभारंभ करेंगे. यह यात्रा दिसंबर तक प्रदेशभर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचेगी. यात्रा के माध्यम से युवाओं को स्टार्टअप और उद्यमिता के प्रति जागरूक किया जाएगा. युवाओं को उनके स्टार्टअप आइडिया को मूर्त रूप देने के लिए जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा यात्रा के दौरान युवा अपने सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकेंगे.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.