गुरुग्राम में बढ़े CNG के दाम, ऑटो और कैब चालकों की बढ़ेगी परेशानी; जानें नई कीमत

गुरुग्राम | इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने गुरुग्राम में CNG के दाम बढ़ा दिए हैं. कंपनी ने प्रति किलोग्राम 3.89 रुपये की बढ़ोतरी की है. नई दरें आज सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं. कीमत बढ़ने के बाद गुरुग्राम में CNG अब 92.01 रुपये प्रति किलो मिलेगी. अचानक हुई इस बढ़ोतरी का असर सबसे ज्यादा CNG कार चलाने वाले लोगों, ऑटो रिक्शा चालकों और ओला- उबर जैसी ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं से जुड़े ड्राइवरों पर पड़ने की संभावना है. सुबह CNG स्टेशन पहुंचे वाहन चालकों को नई कीमतों के कारण पहले की तुलना में ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ी.

CNG

गुरुग्राम में बड़ी संख्या में कमर्शियल वाहन CNG से चलते हैं. ऐसे में ईंधन महंगा होने से रोजाना वाहन चलाने की लागत बढ़ेगी. इसका असर आगे चलकर यात्रियों के किराए और सामान की ढुलाई पर भी पड़ सकता है.

किराया बढ़ने की संभावना

CNG की कीमत बढ़ने के बाद ऑटो और टैक्सी यूनियनों की ओर से किराया बढ़ाने की मांग उठ सकती है. कैब चालकों का कहना है कि मौजूदा किराए में पहले ही कम कमाई होती है. अब ईंधन खर्च बढ़ने से उनकी बचत और कम होगी. ऐसे में किराया बढ़ाना पड़ सकता है. शहर में फल, सब्जियां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने वाले छोटे कमर्शियल वाहन भी CNG पर निर्भर हैं. ईंधन की लागत बढ़ने से माल ढुलाई महंगी होने की आशंका है, जिसका असर खुदरा कीमतों पर भी पड़ सकता है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम मेट्रो विस्तार में प्रगति, पहला विशाल यू- गर्डर पिलर पर सफलतापूर्वक स्थापित

रोजाना बढ़ सकता है खर्च

वाहन चालकों के मुताबिक, CNG की कीमत बढ़ने से नियमित इस्तेमाल करने वालों पर रोजाना करीब 70 से 100 रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है. लोगों का कहना है कि पेट्रोल- डीजल और CNG के बीच जो अंतर पहले राहत देता था, वह लगातार कम हो रहा है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अनुसार, CNG की कीमत बढ़ाने के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियां प्रमुख वजह हैं. कंपनी के मुताबिक, CNG के लिए इस्तेमाल होने वाली गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित Liquefied Natural Gas से आता है.

पश्चिमी एशिया में तनाव और वैश्विक संघर्षों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्पॉट मार्केट में LNG की कीमतें बढ़ी हैं. यूरोपीय देशों में सर्दियों की मांग बढ़ने और सप्लाई से जुड़ी परेशानियों के चलते लागत पर दबाव बढ़ा. कंपनी के अनुसार, बढ़ी हुई इनपुट लागत को आंशिक रूप से संतुलित करने के लिए CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की वृद्धि जरूरी हो गई थी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.