गुरुग्राम | हरियाणा के जिले में साफ सफाई व्यवस्था चकबंदी करने के लिए अब नगर निगम ने कमर कस ली है. अधिकारियों ने दावा किया कि जल्दी ही शहर को साफ सुथरा बना दिया जाएगा. इसके लिए एक महीने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. शहर में स्थित सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद कूड़े के ढेर को खत्म करने के लिए अब नगर निगम की टीम मुस्तैद नजर आएगी. जो लोग सार्वजनिक जगह पर कचरा फेंकते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी.
एक महीने में तैयार होगी रिपोर्ट
अब शहर में निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट), गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए एक महीने में रिपोर्ट तैयार कर प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी. शुक्रवार को निगम अधिकारियों के साथ निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने इस विषय में एक बैठक का आयोजन किया. बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व रविंद्र यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, डॉ. नरेश कुमार, विशाल कुमार, डॉ. जयवीर यादव व रविंद्र मलिक, चीफ इंजीनियर विजय ढ़ाका सहित कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता व वरिष्ठ सफाई निरीक्षक मौजूद रहे.
सीएंडडी वेस्ट पर निगम करेगा सख्ती
फरीदाबाद- गुरुग्राम रोड, सेक्टर- 29, सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर), आटो मार्केट से सीएंडडी वेस्ट को हटाया गया. इस दौरान सभी टीमों को किसी भी जगह निर्माण मलबा न जमा रहने पाए और उसे समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के निर्देश दिए गए. निगम का कहना है कि इस कार्य में जो भी लापरवाही करेगा या बाधा डालेगा ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
आवारा पशुओं से मिलेगी निजात
नगर निगम द्वारा सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए हर रोज कम- से- कम 100 पशु पकड़ने का टारगेट निर्धारित किया गया है. इसमें पुलिस विभाग का सहयोग भी दिया जाएगा. इस दौरान जो भी टीम के कामों में बाधा डालेगा ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी या FIR भी दर्ज करवाई जा सकती है.
