गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. संभावना जताई जा रही है कि अगले महीने से इस रूट का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. बीते दिनों यहां मेट्रो पिलर का निर्माण करने के लिए पाइलिंग रिंग मशीन सेक्टर- 44 स्थित गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) के कार्यालय के सामने पहुंच चुकी है. बताया जा रहा है कि इसी जगह पर अगले महीने भूमि पूजन हो सकता है.
5 सितंबर को भूमि पूजन की संभावना
GMDA के एक अधिकारी ने बताया कि 5 सितंबर को सीएम नायब सैनी ग्रीवेंस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने गुरुग्राम आ रहे हैं. ऐसे में इसी तारीख को भूमि पूजन की संभावना बनी हुई है. इस अवसर पर केन्द्रीय उर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी उपस्थित रहेंगे.
बताया जा रहा है कि भूमि पूजन के बाद एक जनसभा का भी आयोजन होगा. इस सभा का आयोजन सेक्टर-29 स्थित लैजर वैली पार्क या सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में हो सकता है. इसे लेकर HSVP के संपदा अधिकारी से GMDA कार्यालय के सामने भूमि पूजन समारोह के दौरान टेंट लगाने के लिए जमीन की डिमांड की गई है.
7 दिन में पहुंची मशीन
GMRL की ओर से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-9 तक जिस कंपनी को मेट्रो के पहले चरण का ठेका दिया गया है, उसी कंपनी ने गुजरात के सूरत शहर में मेट्रो रूट का निर्माण किया है. अब सूरत से ट्राले की मदद से पाइलिंग रिंग मशीन को गुरुग्राम लाया गया है. इस मशीन की मदद से 180 मीटर गहराई तक खुदाई की जा सकती है. हर 40 मीटर की दूरी पर एक पिलर खड़ा किया जाएगा.
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में 15.2 किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी, जिसपर कुल 14 जगहों पर स्टेशन बनाए जाएंगे. GMRL के एक अधिकारी ने बताया कि मेट्रो रूट निर्माण के दौरान ट्रैफिक जाम से बचने की योजना बनाई गई है. मिलेनियम सिटी सेंटर से हीरो होंडा चौक से शुरू होने वाली इस मेट्रो को सेंट्रल वर्ज से निकाला जाएगा.
