गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने की कवायद शुरू कर दी गई है. हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) के प्रबंधक ने जानकारी साझा की है कि सेक्टर 56 से पंचगांव तक मेट्रो प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो गई है. अब इसे मंजूरी के लिए अगले महीने सीएम नायब सैनी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
हरियाणा सरकार वहन करेगी खर्चा
पिछले साल नवंबर में HMRTC से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट की शुरूआती DPR को मंजूरी मिली थी. इस प्रोजेक्ट पर करीब साढ़े 8 हजार करोड़ की लागत राशि खर्च होगी. सोमवार को चीफ सेक्रेटरी और HMRTC के अध्यक्ष अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी के लिए रखा गया.
बोर्ड की मुहर लगने के बाद अब HMRTC की ओर से इस प्रोजेक्ट को एक बार फिर HSIIDC के समक्ष सुझाव या आपत्ति के लिए भेजा जाएगा क्योंकि मेट्रो ग्लोबल सिटी के नजदीक से होकर गुजरेगी. इसके बाद, सीएम के समक्ष इस प्रोजेक्ट को मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट के निर्माण पर अधिकांश राशि हरियाणा सरकार ही वहन करेगी.
28 जगहों पर बनेंगे स्टेशन
करीब 35.5 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के तहत 28 मेट्रो स्टेशन का निर्माण किया जायेगा. पहला स्टेशन सेक्टर- 56 में रैपिड मेट्रो स्टेशन के समीप गोल्फ कोर्स रोड पर बनेगा. इसके बाद, सेक्टर- 61, 62, नरवाना कंट्री, सेक्टर- 66, वाटिका चौक, सेक्टर- 69, 70, 75, खेड़की दौला, सेक्टर- 36A, सेक्टर- 88, 84, 85, 89, 86, 90, 91, सेक्टर-M- 15, M- 14, M- 9, M- 8, सेक्टर P- 4, P- 7 से होता हुआ अंतिम स्टेशन पचगांव में बनेगा.
एक और नए रूट की तैयारियां शुरू
HMRTC अध्यक्ष अनुराग रस्तोगी ने प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे को निर्देश जारी किए हैं कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) तरफ से यशो भूमि मेट्रो स्टेशन से इफफो चौक मेट्रो स्टेशन को जोड़ने की योजना के तहत अध्ययन किया जाए. DMRC ने 11 किलोमीटर लंबाई के इस रूट के तहत DPR तैयार करने की मंजूरी मांगी है.
