गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से जुड़ी एक नई अपडेट सामने आई है. यहां यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब स्टेशन पर मौजूदा तीन प्लेटफॉर्म के अलावा चौथा प्लेटफॉर्म विकसित करने की योजना बनाई गई है जिसे इस री- डिवेलपमेंट प्रोजेक्ट का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है.

इस नए प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी कनेक्टिविटी रहेगी. इसे द्वारका एक्सप्रेसवे से दौलताबाद के रास्ते जोड़ने की तैयारी है. इससे यात्री एक्सप्रेसवे से सीधे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे.
यात्रियों को मिलेगी अनगिनत सुविधाएं
गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर चल रहे री- डेवलपमेंट कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है. इस परियोजना को 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
यात्रियों को तेज गर्मी और धूप से बचाने हेतु शेड लगाकर बैठने की व्यवस्था की गई है.
Entry- Exit के लिए अलग- अलग गेट बनाएं जाएंगे.
एक 9 मंजिला आधुनिक बिल्डिंग, वेटिंग हॉल, कमर्शल स्पेस और 50 मीटर चौड़ा एयर कॉन्कोर्स भी विकसित किया जाएगा.
चौथे प्लेटफॉर्म के निर्माण को लेकर केंद्र सरकार की ओर से रूपरेखा तैयार की जा रही है.
PPP मॉडल पर होगा काम
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इस परियोजना को पब्लिक- प्राइवेट- पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर तैयार किया जा रहा है जिसमें रेलवे और निजी कंपनी मिलकर काम करेगी. इस प्रॉजेक्ट में सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाएगी जबकि निजी कंपनी निर्माण और संचालन में भागीदारी करती है. उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने पर यात्रियों को कई तरह की आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा.