द्वारका से गुरुग्राम सफर करने वालों की होगी मौज, 755 करोड़ से सिग्नल फ्री सड़क का मिलेगा तोहफा

गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर के ट्रैफिक जाम से कोई अछूता नहीं है लेकिन यहां ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने एक और बड़ा कदम उठाया है.

Road Sadak

सिग्नल फ्री बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर

GMDA द्वारा दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) से वाटिका चौक तक सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) के विकास, रख- रखाव, प्रबंधन और संचालन के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण हेतु टेंडर जारी कर दिया है. इस प्रोजेक्ट पर लगभग 755 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी.

GMDA के एक अधिकारी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत वाटिका चौक से NH-48 के बीच करीब 4.2 किलोमीटर लंबा सिग्नल- फ्री चार- चार लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर तीन-तीन लेन की मुख्य सर्विस रोड और दो- दो लेन की सेकेंडरी सर्विस लेन भी विकसित की जाएगी. इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े स्तर पर सुधार देखने को मिलेगा.

बिना रुकावट के आवाजाही की मिलेगी सुविधा

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक संचालन को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए इस प्रोजेक्ट में प्रमुख जंक्शनों पर टू- लेन के अप और डाउन रैंप भी बनाए जाएंगे, ताकि वाहनों का प्रवेश और निकास व्यवस्थित तरीके से हो सके. इसके अलावा, NH- 48 पर एक आधुनिक इंटरचेंज का निर्माण भी प्रस्तावित है जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के साथ निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके. इस व्यवस्था से लंबी दूरी के वाहनों को भी बिना रुकावट के आवाजाही की सुविधा मिलेगी.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम को कूड़े के पहाड़ों से मिलेगा छुटकारा, अब वैज्ञानिक तरीके से रोज होगा निस्तारण

इस प्रोजेक्ट के दूसरे चरण में वाटिका चौक पर एक अतिरिक्त इंटरचेंज विकसित किया जाएगा. यह इंटरचेंज SPR और गुरुग्राम- सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा. इससे सोहना रोड, द्वारका एक्सप्रेसवे और NH- 48 के बीच आवाजाही पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगी.

फरीदाबाद की यात्रा होगी आरामदायक

द्वारका एक्सप्रेसवे, दक्षिण गुरुग्राम और जयपुर की ओर से आने वाले वाहनों को सोहना या फरीदाबाद की ओर जाते समय अक्सर राजीव चौक और सुभाष चौक जैसे बिजी चौराहों से होकर गुजरना पड़ता है. इससे इन चौराहों पर भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. ऐसे में नया एलिवेटेड कॉरिडोर इन सड़कों के लिए एक वैकल्पिक और अधिक सीधा रास्ता उपलब्ध कराएगा जिससे न केवल कम समय में सफर तय होगा बल्कि प्रमुख चौराहों से ट्रैफिक जाम की जकड़न भी हटेगी.

इस एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण का आसपास के सेक्टरों को सीधा फायदा पहुंचेगा और उन्हें हाइवे तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इस प्रोजेक्ट को ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.