गुरुग्राम | हरियाणा में फिर से चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है. स्टेट इलेक्शन कमीशन (ECI) के निर्देश पर गुरुग्राम जिले की 17 पंचायतों में उपचुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. नामांकन प्रक्रिया 24 मई से 30 मई तक रहेगी. उम्मीदवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं.
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं DC अजय कुमार ने बताया कि जिले के पटौदी, फरुखनगर और सोहना ब्लॉक की पंचायतों में उपचुनाव होने हैं और इनके सफल आयोजन के लिए रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) की नियुक्ति कर दी गई है.
2 जून को आवंटित होंगे चुनाव चिह्न
उपायुक्त अजय कुमार ने आगे बताया कि इन अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के सभी चरणों की निगरानी, नामांकन- पत्रों की जांच, मतगणना तथा परिणाम घोषणा तक की संपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने बताया कि जो भी उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र वापिस लेना चाहते हैं, वे 2 जून की दोपहर 3 बजे तक रिटर्निंग अधिकारी को सूचित कर सकते हैं. पंचायत उपचुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को इसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे.
15 जून को होगा मतदान
डीसी अजय कुमार ने बताया कि 15 जून को पंचायत उपचुनाव के लिए वोटिंग होगी. इसको लेकर प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है. सभी अधिकारियों को आदेश दिए गए है कि वो चुनाव की तैयारियों को समय से पूरा करें, ताकि चुनाव के समय किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो. उन्होंने बताया कि चुनाव के परिणाम मतदान होने के कुछ समय बाद ही वोटों की गिनती पूरी होते ही कर दिया जाएगा.
