गुरुग्राम | दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां 282 करोड़ रुपए खर्च कर इस हाइवे की तस्वीर बदलने जा रही है. इस हाइवे पर 4 नए फ्लाईओवर और 9 फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा. इसके साथ ही, सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी और जलभराव से निजात दिलाने के लिए नालों का सुधार किया जाएगा.

परियोजनाओं का शिलान्यास
मंगलवार यानि कल गुरुग्राम से बीजेपी सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने वर्चुअल माध्यम से नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की 282 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर लोगों को इस हाइवे पर जाम फ्री और सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा.
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम और रेवाड़ी दोनों ही जिले औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र हैं और यही वजह है कि इस हाइवे से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन आवाजाही करते हैं. उन्होंने कहा कि इस हाइवे पर उतरने वाली नई परियोजनाओं से लोगों को न केवल ट्रैफिक जाम और हादसों से छुटकारा मिलेगा, बल्कि आने वाले समय में आधुनिक यातायात व्यवस्था की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी. इन सभी सुविधाओं के पूरा होने के बाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी में यातायात पहले से कहीं अधिक सुगम सुरक्षित और व्यवस्थित हो जायेगा.
NH- 48 पर आकार लेगी यह परियोजनाएं
- पंचगांव चौक, राठीवास, धारूहेड़ा में हीरो कंपनी के पास और साल्हावास इन 4 जगहों पर नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा.
- 2.26 किलोमीटर नई सर्विस रोड, 7.2 किलोमीटर पीक्यूसी रोड और 30.95 किलोमीटर लंबी सड़क का सुधार किया जायेगा.
- 58.8 किलोमीटर लंबे खंड पर सर्विस रोड का व्यापक सुधार, नई संरचनाओं का निर्माण और सड़क सुरक्षा उपाय किए जाएंगे. इन कार्यों पर 267 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
- 15 करोड़ रुपये की लागत से नौ स्थानों शिकोहपुर, मानेसर (एनएसजी कैंप के पास), बिनौला, राठीवास, मालपुरा, जयसिंहपुरखेड़ा, सिधरावली, खरखरा और खजूरी में फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा.
- जलभराव की समस्या से स्थाई समाधान हेतु 18.05 किलोमीटर नई आरसीसी नालियां बनाई जाएगी.
- 40.64 किलोमीटर लंबी मौजूदा खुली नालियों को ढका और मजबूत किया जायेगा.
- 500- 500 मीटर पर वर्षा जल संचयन संरचनाएँ बनाकर भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा दिया जायेगा.
- यातायात सुविधा के लिए 32 नए प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे.
- 2,475 साइनबोर्ड
- 800 डिलीनेटर
- 29,613 रोड स्टड
- 34 ट्रैफिक इम्पैक्ट एटेन्यूएटर
- 3 हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएगी.
- पर्यावरण संरक्षण के लिए हाइवे किनारे 15 हजार पौधे भी लगाए जाएंगे.