गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम- सोहना एलिवेटेड नेशनल हाईवे पर जल्द ही साढ़े 3 किलोमीटर लंबे एक नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी प्रदान कर दी है.
इस प्रोजेक्ट पर करीब 300 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. यह फ्लाईओवर सुभाष चौक से बादशाहपुर के बाद एलिवेटेड रोड पर दूसरा सबसे बड़ा फ्लाईओवर होगा.
सफर होगा आसान
लोक निर्माण विभाग (PWD) के एसडीओ सुरेंद्र कुमार ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह फ्लाईओवर चुंगी नंबर- 1 से शुरू होकर वन विभाग के हर्बल पार्क तक बनाया जाएगा. इस फ्लाईओवर के निर्माण से गुरुग्राम से नूंह, अलवर और फिरोजपुर झिरका की ओर जाने वाले वाहन बिना रूके आसानी से निकल सकेंगे. वर्तमान में दमदमा चौक, बस स्टैंड, सिटी थाना चौक और अंबेडकर बाईपास चौक जैसी जगहों पर लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण से वाहन चालकों का सफर तो आसान होगा ही. साथ ही, समय की बचत भी होगी.
बिजली की लाइनों को किया जाएगा शिफ्ट
इस फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रही बिजली की लाइनों और पेयजल पाइप लाइनों को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने बिजली विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा है. इस पत्र में इन लाइनों को जल्द से जल्द शिफ्ट करने का आग्रह किया गया है, ताकि फ्लाईओवर निर्माण कार्य को शुरू किया जा सकें.
