गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा 17 हजार एकड़ भूमि से गुरुग्राम की तस्वीर बदलने की योजना बनाई गई है. इस जमीन को 51 सेक्टरों में विकसित कर लोगों को आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. इससे आम लोगों को भी आने वाले समय में सपनों का घर पूरा करने का अवसर मिलेगा.
घर खरीदने का अवसर
गुरुग्राम में रियल एस्टेट की उपलब्धता बढ़ाने के लिए HSVP ने बड़ा कदम उठाया है. HSVP ने शहर के 51 सेक्टरों में करीब 17 हजार एकड़ जमीन खरीदने की योजना बनाई है. HSVP यह जमीन ई- भूमि पोर्टल और लैंड पूलिंग पालिसी के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से खरीदेगा. इस संबंध में मुख्य प्रशासक की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जमीन का पूरा विवरण ई- भूमि पोर्टल पर अपलोड किया जाए ताकि प्रक्रिया पारदर्शी रहे.
चरणबद्ध तरीके से होगी खरीद
पहले चरण में गुरुग्राम के कई प्रमुख सेक्टरों जैसे 26, 36, 37D, 59, 60, 61, 63, 67, 70, 76 से लेकर 113 तक में लगभग 17,300 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी. इसके लिए एक मार्च से 30 अप्रैल तक ई- भूमि पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे. दूसरे चरण में सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग 5,035 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी. इसके लिए पोर्टल एक मई से 30 जून तक खुला रहेगा.
तीसरे चरण में फरुखनगर के सेक्टर 1, 3, 4 और 5 में 1203 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी. इसके लिए एक जुलाई से 31 अगस्त तक आवेदन किए जा सकेंगे.
अवैध कालोनियों का कारोबार होगा खत्म
HSVP के एक अधिकारी ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अवैध कालोनियों को रोकना और लोगों को बेहतर व व्यवस्थित रियल एस्टेट उपलब्ध कराना है. इस कदम से मध्यम वर्ग और निवेशक दोनों को फायदा होगा. नई कालोनियों के विकास से न केवल आवास की उपलब्धता बढ़ेगी बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार होगा.
