गुरुग्राम | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं टूरिस्ट स्थलों के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है और अब इस सुविधा में और ज्यादा इजाफा करते हुए इन लंबे रूट्स पर एसी बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जा रही है.
इन रूटों पर चलेंगी AC बसें
गुरुग्राम रोडवेज डिपो से भोलेनाथ की नगरी हरिद्वार और टूरिस्ट स्पॉट शिमला के लिए जल्द ही एसी बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जाएगी. इन बसों में यात्रियों को सफर के दौरान चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी. इन बसों में आरामदायक सीटें, चार्जिंग प्वाइंट जैसी सुविधाएं यात्रा को और ज्यादा सुगम बनाने का काम करेगी.
इन बसों के संचालन को लेकर परमिट प्रकिया शुरू हो चुकी है और इस प्रकिया के पूरा होते ही टाइमिंग व किराया निर्धारित कर बसें संचालित कर दी जाएगी. गुरुग्राम डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि बेड़े में 14 नई एसी बसें शामिल हुई है. इन बसों को हरिद्वार, शिमला, टनकपुर सहित कई अन्य रूटों पर चलाया जाएगा.
GPS सिस्टम से लैस नई AC बसें
रोडवेज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नई एसी बसें GPS ट्रैनिंग सिस्टम से लैस है, जिससे बसों की लोकेशन रियल- टाइम में मॉनिटर की जा सकेगी और समय पर संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा. नई एसी बसें संचालित होने पर यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होगा. यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
