गुरुग्राम | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मंगलवार को गुरुग्राम दौरे पर पहुंचे थे जहां उन्होंने ‘विकसित गुरुग्राम महारैली’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान उन्होंने गुरुग्राम को लगभग 114 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया. इस मौके पर गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.
गुरुग्राम को खास तोहफा
विकसित गुरुग्राम महारैली के मंच से सीएम नायब सैनी ने गुरुग्राम के सोहना चौक स्थित नवनिर्मित नगर निगम गुरुग्राम के पहले मल्टीलेवल पार्किंग स्थल का शुभारंभ किया. इस पार्किंग स्थल की लोगों को कब से सुविधा मिलेगी, इसके ऊपर फैसला जल्द किया जाएगा.
नगर निगम को पार्किंग स्थल का रखरखाव एजेंसी को सौंपने की हरी झंडी उद्घाटन के साथ ही शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने प्रदान कर दी है. इसे टेंडर कर एजेंसी को काम देने के बाद ही वाहनों के लिए खोला जाएगा या पहले, इसपर अभी फैसला होना बाकी है.
नियम के अनुसार, अब नगर निगम रखरखाव कार्य के लिए टेंडर जारी करेगा और इसकी समयावधि 21 दिन की होगी यानि इस पूरी प्रक्रिया में लगभग एक महीने का समय लग सकता है. यदि ऐसा हुआ तो शहरवासियों को पार्किंग के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. नगर निगम के XEN ने बताया कि पार्किंग स्थल के रखरखाव के लिए एजेंसी चिह्नित करने बारे मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है.
पार्किंग स्थल की खासियत
इस 6 मंजिला पार्किंग स्थल का निर्माण सदर बाजार के नजदीक किया गया है. इसमें भू-तल और पहली मंजिल पर दुकानों को बनाया गया है. इन दुकानों को लीज पर दिया जाएगा. यहां 3 भूमिगत पार्किंग बनाई गई है. इस पार्किंग स्थल पर 206 गाड़ियों और 190 टू-व्हीलर वाहनों को खड़े करने की सुविधा मिलेगी. इस प्रोजेक्ट पर 55.20 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं. इस पार्किंग स्थल के बनने से सदर बाजार, रेलवे रोड सहित आसपास के क्षेत्र को ट्रैफिक जाम के झंझट से छुटकारा मिलेगा.
