गुरुग्राम के शीतला माता मंदिर में 30 जून से लगेगा भव्य मेला, प्रशासन अलर्ट

गुरुग्राम | हरियाणा में गुरुग्राम के प्रसिद्ध श्री माता शीतला देवी मंदिर में 30 जून से आषाढ़ मेले का शुभारंभ होगा. यह धार्मिक मेला 29 जुलाई तक चलेगा. मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए गए हैं. मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को लघु सचिवालय में बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार, एसीपी कपिल, मंदिर अधिकारी युगदत्त शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

Sheetla Mata Mandir

बैठक की अध्यक्षता डीसी एवं श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड के प्रशासक उत्तम सिंह ने की. इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला व्यवस्थाओ की विस्तार से समीक्षा की गई और सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए.

गुरुग्राम के शीतला माता मंदिर

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि श्री माता शीतला देवी मंदिर हरियाणा के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. यहां हर वर्ष प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए. बैठक में पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए.

प्रशासन अलर्ट

स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान चिकित्सकीय दल, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्र उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. नगर निगम को मंदिर परिसर और आसपास सफाई व्यवस्था, पेयजल उपलब्ध कराने, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई तथा कचरा प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा, अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने और बिजली विभाग को पूरे मेले के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने के लिए कहा गया. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग को सार्वजनिक परिवहन सेवाएं सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

यह भी पढ़े -  टैक्स नहीं भरा तो सील, मानेसर के मर्चेंट प्लाजा पर नगर निगम की कार्रवाई
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.