गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में एक और बड़ी पहल करते हुए गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने शहर की कई प्रमुख सड़कों को मॉडल सड़कों के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है.
इस संबंध में GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा की अध्यक्षता में ट्रैफिक पुलिस और GMDA अधिकारियों की एक बैठक आयोजित हुई है जिसमें तय किया गया है कि जिस सड़क मार्गों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है या पूरा होने की कगार पर है, उन्हें पहले चरण में मॉडल सड़कों के रूप में विकसित किया जाएगा.
गुरुग्राम में इन सड़कों की बदलेगी तस्वीर
पहले चरण में जिन सड़कों को मॉडल सड़कों के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया है उनमें IFFCO चौक से गोल्फ कोर्स रोड तक MG रोड, हैमिल्टन कोर्ट रोड, व्यापार केंद्र रोड, अतुल कटारिया चौक से सेक्टर- 29, राजीव चौक से मेदांता रोड, हीरो होंडा चौक से सेक्टर- 29, सेक्टर- 4/ 7 से सेक्टर- 9/ 9A तक डिवाइडिंग रोड और रामपुरा चौक- पटौदी रोड शामिल हैं.
GMDA के एक अधिकारी ने बताया कि मॉडल सड़कों पर साफ लेन मार्किंग, बेहतर ट्रैफिक सिग्नल, सड़क किनारे हरित क्षेत्र, पैदल यात्रियों के लिए फुटपॉथ, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था, रोड साइन और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं मिलेंगी. इन सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए सर्विस रोड पर भी वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी रहेगी. इसके अलावा, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया जाएगा.
CCTV कैमरों से निगरानी
ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इन सड़कों पर CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी. ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के ई- चालान काटे जाएंगे. यह पहल शहर में एक सुरक्षित ट्रैफिक कल्चर विकसित करेगी.
