गुरुग्राम | नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट से जुड़ी एक नई अपडेट सामने आई है. बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम से वाया फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित रूट में 200 से ज्यादा मकान- दुकान और 13 धर्मशाला व धार्मिक स्थल आड़े आ रहे हैं और इन्हें तोड़ने की तैयारियां शुरू हो चुकी है. NCRTC ने हरियाणा और UP सरकार से इस रिपोर्ट को साझा किया है.

इस रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम के इफको चौक पर 16 दुकानें, फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी के पास 183 मकान- दुकान व धार्मिक स्थल नमो भारत ट्रेन के रूट के बीच में आ रहे हैं. पियाली चौक पर जाट धर्मशाला के अलावा दो धार्मिक स्थल, रामनगर कॉलोनी में 24 मकान व दुकान, सेक्टर- 89 में आठ मकान व एक धार्मिक स्थल अड़चन खड़ी कर रहे हैं.
नमो भारत ट्रेन का प्रस्तावित रूट
NCRTC ने गुरुग्राम से वाया फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना बनाई है. इस योजना के लिए 15,745 करोड़ रुपए की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर सरकार को भेजी गई है. करीब साढ़े 61 किलोमीटर लंबे इस रूट पर गुरुग्राम में इफको चौक, सेक्टर- 54, फरीदाबाद में बाटा चौक, सेक्टर 85- 86 स्टेशन, नोएडा में सेक्टर 142- 168 स्टेशन और ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर स्टेशन बनाने की योजना बनाई गई है.
मांगे गए सुझाव
इफको चौक से नमो भारत ट्रेन का संचालन होगा, जो मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, डॉ. बीआर आंबेडकर मार्ग, ब्रिगेडियर ओसमान चौक से अरावली पर्वत शृंखला से होते हुए गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर गांव ग्वाल पहाड़ी के समीप पहुंच जाएगी. गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर फरीदाबाद स्थित हनुमान मंदिर, बड़खल एंक्लेव, शहीद भगत सिंह मार्ग होते हुए बाटा चौक पर जाएगी. बाटा चौक से दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे और आगरा कैनाल से होते हुए सेक्टर- 85- 86 चौक (अमोलिक चौक) पर पहुंचेगी. इसके बाद, अमृता अस्पताल के पास से होते हुए जाएगी.
नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम से ग्रेनो रूट की तैयार DPR पर हरियाणा और यूपी सरकार से विचार- विमर्श करते हुए इसके लिए सुझाव मांगे गए हैं. भूमि अधिग्रहण इन दोनों राज्यों की भूमि अधिग्रहण नीति के मुताबिक किया जाएगा- प्रवक्ता NCRTC