गुरुग्राम | दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. इस हाइवे पर खेड़की दौला से बावल तक के हिस्से का 193 करोड़ रुपए से जीर्णोद्धार किया जाएगा. इस साल के आखिर तक इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा जिसके बाद इस हाइवे की तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आएगी.

दिल्ली में अवैध कटों से मिलेगा छुटकारा
दिल्ली- जयपुर हाइवे पर खेड़की दौला से आगे कई जगहों पर बने हुए अवैध कट वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं. लोग मनमाने तरीके से हाइवे पर चढ़ते और उतरते हैं जिससे दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा खेड़की दौला से बावल तक हरियाणा की सीमा में 4 फ्लाईओवर के निर्माण के साथ ही अवैध कटों को बंद कराकर वाहन चालकों को एक तय दूरी पर प्रवेश और निकास की व्यवस्था की जाएगी. इसके लिए हाईवे के दोनों ओर ड्रेनेज निर्माण के बाद रेलिंग और बैरिकेट की जाएगी.
NHAI के डिप्टी मैनेजर प्रकाश तिवारी ने बताया कि गुरुग्राम से मानेसर तक हाइवे की दोनों साइड अवैध कटों को बंद कर दिया गया है. अब खेड़की दौला से बावल तक इस काम को पूरा किया जाएगा जिसके बाद लगभग साढ़े 64 किलोमीटर लंबा यह हिस्सा पूरी तरह से नियंत्रित हो जाएगा.
इन जगहों पर बनेंगे फ्लाईओवर
NHAI द्वारा NH- 48 हाइवे पर पंचगांव, राठीवास, हीरो मोटोकॉर्प धारूहेड़ा व सालावास में फ्लाईओवर का निर्माण करवाया जा रहा है. इन जगहों पर हाइवे क्रॉसिंग के चलते अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है लेकिन अब फ्लाईओवर निर्माण से राहत पहुंचेगी. इसके अलावा, मानेसर और बिलासपुर में भी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य प्रगति पर है.
NHAI ने बताया कि खेड़की दौला से बावल तक हरियाणा सीमा में 32 जगहों पर एंट्री और एग्जिट की सुविधा मिलेगी. हर 2 किलोमीटर पर हाइवे पर चढ़ और उतर सकेंगे. इसके अलावा, पुरानी ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत और जरूरत के हिसाब से नई ड्रेनेज बनाई जाएगी. हाईवे के मेन काॅरिडोर के साथ दोनों ओर सर्विस लेन को भी ठीक कराया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो सकें.