लेडी डॉन अनुराधा चौधरी बनीं जुड़वा बेटियों की मां, काला जठेड़ी को मिली कस्टडी पैरोल

गुरुग्राम | हरियाणा की लेडी डॉन के नाम से चर्चित अनुराधा चौधरी उर्फ मैडम मिंज के घर जुड़वा बेटियों का जन्म हुआ है. 38 वर्षीय अनुराधा ने गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में IVF तकनीक के जरिए 2 बेटियों को जन्म दिया. प्रसव के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने सीजेरियन डिलीवरी कराई. मां और दोनों बच्चियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. पत्नी और नवजात बेटियों से मिलने के लिए 5 साल से जेल में बंद गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी ने दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में कस्टडी पैरोल की अर्जी दाखिल की थी.

Lady Don Anuradha Choudhary

कोर्ट ने मानवीय आधार पर उसे 4 घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर कर दी. अनुमति देने से पहले अदालत ने अस्पताल और मेडिकल रिकॉर्ड की भी जांच कराई. परिवार की निजता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने अस्पताल का नाम सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए.

अनुराधा चौधरी बनीं मां

बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच काला जठेड़ी को तिहाड़ जेल से गुरुग्राम लाया गया. वह दोपहर करीब 11:50 बजे अस्पताल पहुंचा और करीब दो घंटे तक पत्नी और अपनी नवजात बेटियों के साथ रहा. इस दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीमें सुरक्षा में तैनात रहीं. पुलिस काफिले की आवाजाही के दौरान डीएलएफ फेज- 3 के मुख्य मार्ग पर एक तरफ का ट्रैफिक भी कुछ समय के लिए रोका गया. मुलाकात के दौरान दोनों परिवारों के सदस्य भी मौजूद रहे. अनुराधा और काला जठेड़ी की शादी 12 मार्च 2024 को दिल्ली में हुई थी.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम में चलती बोलेरो के बोनट पर बैठकर युवक ने किया खतरनाक स्टंट, VIDEO वायरल

काला जठेड़ी को मिली पैरोल

शादी के लिए भी अदालत ने काला जठेड़ी को 6 घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी. उस समय समारोह की सुरक्षा में 250 से अधिक पुलिसकर्मी और कमांडो तैनात किए गए थे. दोनों की मुलाकात वर्ष 2020 में उत्तराखंड के चमोली जिले में हुई थी, जब काला जठेड़ी फरार चल रहा था. करीब 1 साल पहले अनुराधा ने आईवीएफ प्रक्रिया अपनाई थी. शुरुआत में काला जठेड़ी ने संतान के लिए पैरोल मांगी थी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया. बाद में कोर्ट ने जैविक समय- सीमा और चिकित्सा जरूरतों को देखते हुए जेल परिसर में ही आईवीएफ प्रक्रिया के लिए उसका स्पर्म सैंपल लेने की अनुमति दी थी.

काला जठेड़ी पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, रंगदारी, फिरौती और जमीन कब्जाने समेत 30 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं. वहीं, अनुराधा चौधरी का नाम भी पहले कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. उनके खिलाफ सभी मामले अब बंद हो चुके हैं और वह वर्तमान में अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.