गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम के लोगों के लिए राहत और विकास से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. लंबे समय से जिस मेट्रो विस्तार का इंतजार किया जा रहा था, वह अब जमीन पर उतरता नजर आ रहा है. गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट के दूसरे चरण के तहत बनने वाले 9 मेट्रो स्टेशनों के लिए जमीन को चयनित कर लिया है. हर स्टेशन पर प्रवेश और निकास की व्यवस्था के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से जमीन से जुड़ी जानकारी मांगी गई है.
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को 3 चरणों में धरातल पर अमलीजामा पहनाया जाएगा. पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सेक्टर 9 तक मेट्रो लाइन और स्टेशन बनाए जाएंगे. इस चरण का टेंडर आवंटित हो चुका है और तेज रफ्तार से काम शुरू हो चुका है. दूसरे चरण में सेक्टर 9 से लेकर DLF साइबर सिटी तक मेट्रो का विस्तार होगा, जबकि तीसरे चरण में सेक्टर 33 में मेट्रो डिपो का निर्माण किया जाएगा.
ओल्ड गुरुग्राम की बदलेगी तस्वीर
दूसरे चरण में जिन इलाकों को मेट्रो से कनेक्टिविटी मिलेगी उनमें सेक्टर- 7, सेक्टर- 4, सेक्टर- 5, अशोक विहार, सेक्टर- 3, बजघेड़ा, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार और सेक्टर- 23A शामिल हैं. यहां निर्माण एजेंसी ने पाइलिंग के लिए तीन मशीनें लगा दी हैं और मिलेनियम सिटी सेंटर से बख्तावर चौक के बीच काम शुरू हो चुका है.
रेलवे स्टेशन से मिलेगी कनेक्टिविटी
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो को सेक्टर 5 से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक जोड़ने की योजना भी बनाई जा रही है. करीब 2 किलोमीटर लंबे इस रूट पर दो नए स्टेशन प्रस्तावित हैं जिससे मेट्रो और रेलवे स्टेशन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. वहीं, सेक्टर- 33 में 409 करोड़ रुपए की धनराशि से मेट्रो डिपो तैयार किया जाएगा.
