गुरुग्राम के इन गांवों को मिली बड़ी सौगात, दो साल बाद फिर मिलेगा सिटी बस सेवा का लाभ

गुरुग्राम | करीब 1 साल से सार्वजनिक परिवहन की परेशानी झेल रहे हरियाणा के गुरुग्राम- सोहना रूट के दर्जनों गांवों के लोगों को राहत मिली है. दरअसल, गुरुग्राम से दमदमा झील होते हुए सोहना तक बंद पड़ी सिटी बस सेवा को दोबारा शुरू कर दिया गया है. फिलहाल, इस रूट पर दो बसें चलाई जाएंगी और प्रत्येक बस दो- दो चक्कर लगाएगी. यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं.

Haryana Roadways Bus

इस रूट पर सिटी बस सेवा शुरू होने का फायदा रिठौज, सहजावास, बहलपा, खेड़ला, दमदमा, अभयपुर, लोहटकी, दौला, सिरसका और खाईका समेत आसपास के गांवों को मिलेगा. नौकरीपेशा लोगों और स्टूडेंट्स के साथ रोजाना गुरुग्राम या सोहना आने- जाने वाले यात्रियों के लिए सफर आसान होगा.

बंद हुई थीं बसें

करीब 3 साल पहले केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से बीजेपी सांसद राव इंद्रजीत सिंह के निर्देश और ग्रामीणों की मांग पर इस रूट पर सिटी बस सेवा शुरू हुई थी. इसके बाद ग्रामीणों को गुरुग्राम और सोहना के लिए डायरेक्ट कनेक्टिविटी मिल गई थी. बाद में भोंडसी से सोहना के बीच करीब 21 किलोमीटर सड़क की हालत खराब होने लगी. इसी दौरान कुछ स्थानों पर ड्राइवर और कंडक्टर के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आईं. ग्रामीणों द्वारा घरों के सामने बस रुकवाने को लेकर भी विवाद होने लगे थे. इन परिस्थितियों के कारण बस सेवा बंद करनी पड़ी.

2 बसों से शुरुआत

अब सड़क दुरुस्त होने और ग्रामीणों की लगातार मांग के बाद सेवा बहाल की गई है. सोहना बस स्टैंड इंचार्ज गोविंद सिंह के मुताबिक दो बसों को दो-दो चक्कर लगाने के आदेश मिले हैं. उन्होंने बताया कि ग्रामीणों और बस कर्मचारियों के बीच तालमेल सही रहा और संचालन में कोई बाधा नहीं आई तो सेवा नियमित रूप से जारी रखी जाएगी. यात्रियों की जरूरत और संख्या को देखते हुए भविष्य में बसों के चक्कर भी बढ़ाए जा सकते हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.