गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम शहर में लंबे समय से इंतजार के बाद नगर निगम की नई हेडक्वार्टर बिल्डिंग का निर्माण कार्य फिर शुरू होने जा रहा है. लगभग 1 साल से इस प्रोजेक्ट पर ब्रेक लगा हुआ था. अब सरकार ने 55 करोड़ रुपए की अतिरिक्त लागत राशि को मंजूरी प्रदान कर दी है. पहले इस बिल्डिंग के लिए 129 करोड़ रुपए की बजट राशि जारी की गई थी, लेकिन देरी और कीमत बढ़ने के चलते अब लागत 184 करोड़ रुपए पहुंच गई है.

17 साल बाद खुद की होगी बिल्डिंग
मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस एस्टीमेट को मंजूरी दी गई है, जिससे उसी एजेंसी को काम पूरा करने की अनुमति मिल गई है. इस बिल्डिंग के 10 फ़्लोर का स्ट्रक्चर पहले ही पूरा हो चुका है और अब इंटीरियर और फ़िनिशिंग का काम बाकी है. इस प्रोजेक्ट के दोबारा शुरू होने पर नगर निगम पहली बार अपना परमानेंट, मॉडर्न और सेंट्रलाइज़्ड हेडक्वार्टर बनाने के लिए तैयार है, जो 2008 में बनने के बाद से सेक्टर- 34 स्थित किराए की बिल्डिंग से काम कर रहा था. इस बिल्डिंग निर्माण कार्य का शिलान्यास साल 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया था.
नई बिल्डिंग की खासियतें
- सभी सेवाओं का लाभ एक ही छत के नीचे मिलेगा.
- नया नगर निगम ऑफिस एक स्टेट- ऑफ- द- आर्ट स्ट्रक्चर होगा, जिसमें ग्राउंड फ्लोर समेत 11 मंज़िलें और तीन बेसमेंट होंगे.
- इसमें 466 गाड़ियों को पार्क करने की क्षमता होगी.
- हाउस मीटिंग के लिए 125 सीटों वाला टाउन हॉल होगा.
- लाईब्रेरी, एटीएम और दुकानें आदि सुविधाएं होंगी.
- लोगों को एक ही छत के नीचे सभी म्युनिसिपल सर्विस मिलेंगी, जिससे उन्हें अलग- अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने से छुटकारा मिलेगा.
- बिल्डिंग को एनर्जी- एफिशिएंट और एनवायरनमेंट- फ्रेंडली बनाने के लिए इसे GRIHA फाइव स्टार रेटिंग के हिसाब से डिज़ाइन किया जा रहा है.
मॉडर्न टेक्नोलॉजी की झलक
- प्राकृतिक लाइटिंग और वेंटिलेशन पर जोर
- सोलर सिस्टम से एनर्जी जेनरेशन
- रेनवाटर हार्वेस्टिंग, ट्रीटेड पानी का दोबारा इस्तेमाल
- कम पानी की खपत वाली फिटिंग
- निर्माण कार्य में एनवायरनमेंट-फ्रेंडली साम्रगी का इस्तेमाल किया जाएगा.