गुरुग्राम | हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में साईबर सिटी गुरुग्राम में 400 बिस्तर का अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया अस्पताल बनाया जाएगा. प्रदेश सरकार जल्द ही अस्पताल निर्माण के लिए टेंडर जारी करेगी. अस्पताल में 400 बिस्तर के साथ ही 200 अतिरिक्त बेड के विस्तार की भी व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी.
बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवाएं
सोमवार को रोटरी ब्लड बैंक सेंटर में सोलर पॉवर प्लांट के शुभारंभ समारोह में शिरकत करने पहुंची स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा और ज्यादा मजबूत बनाने के लिए गुरुग्राम जिले में 30 अर्बन आरोग्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे.
इस अवसर पर उन्होंने सेंटर का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया तथा थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों से बातचीत की. थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को निःशुल्क सेवाएं और ब्लड बैंक की सस्ती सुविधाओं को सराहनीय बताते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक हर सहयोग प्रदान किया जाएगा.
अल्ट्रासाउंड मशीन की शुरू हुई सुविधा
कैबिनेट मंत्री आरती राव ने सोहना नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन तथा फरुखनगर नागरिक अस्पताल में डिजिटल एक्स- रे मशीन का उद्घाटन किया. दोनों उपकरण अस्पतालों में स्थापित हो चुके हैं. ये मशीनें पंजाबी बिरादरी महासंगठन के अध्यक्ष व ओम स्वीट्स के संचालक ओमप्रकाश कथूरिया द्वारा भेंट की गई हैं. इस योगदान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराना है.
