गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां IMT मानेसर में मजदूरों के लिए अटल श्रमिक किसान कैंटीन खोली जाएगी. इससे मजदूरों को नाममात्र दर पर भरपेट स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा. इस क्षेत्र में लंबे समय से कैंटीन खोलने की मांग उठाई जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है.
सीएसआर के सहयोग से होगा संचालन
हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कारपोरेशन (HSIIDC) द्वारा यह कैंटीन सीएसआर के सहयोग से बनाई जाएगी. इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है. इस क्षेत्र में कैंटीन खुलने से श्रमिकों और कर्मचारियों को खाने- पीने के लिए इधर- उधर नहीं भटकना पड़ेगा. इस कैंटीन को हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और स्व सहायता समूहों द्वारा संचालित किया जाएगा.
उच्च गुणवत्ता और सस्ती दर पर मिलेगा खाना
मानेसर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थापित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में हजारों की संख्या में लोग काम करते हैं. इन्हें खाने के लिए रेहड़ियों या ढाबों का सहारा लेना पड़ता है. अब यहां कैंटीन खुलने से उन्हें शुद्ध और पौष्टिक भोजन नाममात्र खर्चे पर मिलेगा. HSIIDC के एजीएम आरके जिंदल ने कहा कि कैंटीन के लिए जमीन का चयन कर लिया गया है. बहुत जल्द काम शुरू किया जाएगा. कर्मचारियों और श्रमिकों को गुणवत्तापूर्ण भोजन की सुविधा मिलेगी.
