गुरुग्राम | हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र का आज चौथा दिन है. इस बीच मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सदन में एक बड़ी जानकारी साझा की है. मुख्यमंत्री ने हरियाणा के NCR में नमो भारत ट्रेन के संचालन को लेकर बड़ी खुशखबरी सुनाई है. इस ट्रेन के संचालन से दिल्ली- एनसीआर में यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का एक और तेज गति का विकल्प मिलेगा.
बनेगा नया कॉरिडोर
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि कल गुरुग्राम को फरीदाबाद और नोएडा- ग्रेटर नोएडा से जोड़ने वाले नमो भारत RRTS कॉरिडोर के फाइनल अलाइनमेंट को मंजूरी मिल गई है. उन्होंने बताया कि योजना को लागू करने वाली एजेंसी NCRTC को ज़रूरी निर्देश जारी किए गए हैं. इस 64 किलोमीटर के कॉरिडोर में से 52 किलोमीटर हरियाणा में हैं.
CM ने बताया कि गुरुग्राम में, कॉरिडोर इफको चौक से शुरू होगा और सेक्टर- 29, मिलेनियम सिटी, सेक्टर- 52, सेक्टर- 57 और सेक्टर- 61 को ग्वाल पहाड़ी से जोड़ेगा. यह सीधा दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन से जुड़ेगा. फरीदाबाद में यह कॉरिडोर सैनिक कॉलोनी से गुजरेगा. यह न्यू फरीदाबाद को जोड़ेगा जो NIT, बाटा चौक और सेक्टर 12- 15 को दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन से जोड़ेगा.
लोगों को मिलेगी बेहतर परिवहन सुविधाएं
सीएम ने कहा कि यह कॉरिडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के सपने को पूरा करेगा. यह कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो, रैपिड मेट्रो और गुरुग्राम मेट्रो कॉरिडोर को भी जोड़ेगा. जल्द ही इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो जाएगी. इस प्रोजेक्ट से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे. लोगों को एनसीआर में ट्रैफिक जाम से दूर आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
