गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर के ट्रैफिक जाम से कोई अछूता नहीं है लेकिन यहां ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब द्वारका एक्सप्रेसवे को गुरुग्राम- सोहना रोड से जोड़ने के लिए सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर एलिवेटेड रोड निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है.
दोनों तरफ चार- चार लेन के 4.2 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड निर्माण को लेकर गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने 754 करोड़ रुपए का टेंडर जारी कर दिया है. इस प्रोजेक्ट को एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा.
मिनटों में पूरा होगा सफर
जैसे ही इस एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा, द्वारका एक्सप्रेस-वे से दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे के लिए आवाजाही करनी बेहद आसान हो जाएगी. इस समय वाहन चालकों को द्वारका एक्सप्रेसवे से SPR के माध्यम से गुरुग्राम- सोहना हाईवे की सर्विस रोड से होते हुए भोंडसी के पास गुरुग्राम- सोहना हाईवे पर चढ़ना होता है.
SPR और गुरुग्राम- सोहना हाईवे की सर्विस रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निकलने में लगभग 45 मिनट तक का समय लग जाता है लेकिन एलिवेटेड रोड बनने के बाद मात्र 10 से 15 मिनट के भीतर द्वारका एक्सप्रेसवे से दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहुंच जाएंगे.
मिलेगी आपस में कनेक्टिविटी
एलिवेटेड रोड का निर्माण गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए गोल्फ कोर्स रोड पर किया जाएगा. इसको बनाने में करीब 1850 करोड़ रुपये का खर्च आएगा. इस 8 किलोमीटर लंबे रोड को बनाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार किया जा चुका है. SPR और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को गुरुग्राम- सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए क्लोवरलीफ का निर्माण किया जाएगा. जैसे ही क्लोवरलीफ बनकर तैयार हो जाएगा. द्वारका एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड और गुरुग्राम- सोहना हाईवे आपस में जुड़ जाएंगे.
