गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से आमजन के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां गुरुग्राम मेट्रोपाेलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) की सिटी बसों में सफर करने वाले लोगों को अब दूरी के हिसाब से किराए का भुगतान करना होगा. पहले बस स्टाॅप की संख्या के आधार पर किराया वसूल किया जाता था. इसको लेकर अब GMCBL ने बस किराये के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है और यह संशोधित किराया 24 सितंबर से प्रभावी हो गया है.
किराए की नई व्यवस्था लागू
नए किराए के अनुसार, अब सिटी बसों में 6 किलोमीटर तक की यात्रा पर 10 रुपए, 6- 13 किलोमीटर तक दूरी पर 20 रुपए और 13 किलोमीटर से ज्यादा सफर करने पर 30 रुपए का फ्लैट किराया वसूल किया जाएगा. इस कदम से सिटी बसों में सफर करने वाले यात्रियों को निश्चित तौर पर राहत पहुंचेगी.
GMCBL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी ने बताया कि सिटी बसों में किराए की नई व्यवस्था से यात्रियों की सुविधा बढेगी. साथ ही, पारदर्शिता और न्यायसंगतता देखने को मिलेगा. उन्होंने शहर के लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि वे निजी वाहनों पर निर्भर न होकर सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें. इससे सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत होगी.
21 रूटों पर चल रही 150 बसें
विश्वजीत चौधरी ने बताया कि GMCBL के पास 150 आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बसों का बेड़ा हैं, जिनका 21 रूटों पर संचालन किया जा रहा है. इन बसों में जीपीएस ट्रैकिंग, CCTV कैमरे और ई- टिकटिंग मशीनें जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है. इन बसों के माध्यम से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग सुरक्षित और भरोसेमंद सफर का आनंद ले रहे हैं. यात्री सभी रूट और किराया संबंधी जानकारी GMCBL द्वारा विकसित “गुरुग्रामन ऐप” पर देख सकते हैं. इस ऐप के जरिए टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध है.
