गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) की ओर से दिल्ली- रेवाड़ी रेलवे लाइन पर गांव गढ़ी के नजदीक नए फोरलेन फ्लाइओवर का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए नए सिरे से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी.

फ्लाइओवर निर्माण से मिलेगी राहत
GMDA द्वारा पहले इस रेलवे लाइन पर टू-लेन फ्लाईओवर की DPR तैयार करवाई गई थी. अब GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने निर्देश दिए हैं कि इस फ्लाईओवर को फोरलेन बनाया जाएगा. जिसके बाद GMDA द्वारा रेलवे को दोबारा पत्र लिखकर आग्रह किया गया कि इस रेलवे फाटक पर फोरलेन फ्लाईओवर निर्माण की योजना है.
अब रेलवे द्वारा फोरलेन फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी गई है. खास बात यह है कि इस फ्लाईओवर निर्माण में आने वाले खर्च का 50% रेलवे द्वारा वहन किया जाएगा. रेलवे लाइन के ऊपर फ्लाईओवर का हिस्सा रेलवे विभाग के इंजिनियरों की निगरानी में बनेगा. रेलवे विभाग से मंजूरी मिलने के बाद GMDA द्वारा सलाहकार कंपनी को नए सिरे से DPR तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं.
इन इलाकों को पहुंचेगी राहत
द्वारका एक्सप्रेसवे तक आवाजाही के लिए सेक्टर- 37C और D के अलावा बसई गांव की आबादी को रेलवे फाटक पर ठहराव करना पड़ता है. कभी- कभार तो ट्रेन आने के लिए 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है. इससे लोगों का कीमती समय बर्बाद हो जाता है. स्टूडेंट्स और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने में लेट लतीफी का सामना करना पड़ता है. लोगों को इसी परेशानी से बचाने के लिए यहां फ्लाइओवर निर्माण की योजना बनाई गई है.
इस फ्लाइओवर निर्माण से बीपीटीपी पार्क सरीन, बीपीटीपी ऐज, बीपीटीपी जनरेशन, बीपीटीपी टेरा, रामप्रस्था सिटी, सिग्नेचर मिलेनिया, द रेजिडेंसी, क्रोना ऑप्टस, तक्शिला हाइट्स, अपैक्स आवर होम्स और सिग्नेचर ग्लोबल सिटी की आबादी को आवाजाही में सहूलियत प्रदान होगी. उन्हें फाटक पर खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करने की समस्या से निजात मिलेगी.