गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जाएगा. यहां द्वारका एक्सप्रेसवे पर सीही गांव के पास अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (ISBT) का निर्माण होगा. वीरवार को प्रस्तावित साइट का निरीक्षण करने पहुंचे उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि यहां पर लंबे समय से ISBT के निर्माण की मांग उठाई जा रही है.
दिल्ली ISBT की तर्ज पर बनेगा
गांव सीही में बनने वाले इस ISBT को दिल्ली ISBT की तर्ज पर बनाया जाएगा. यह बस स्टैंड लगभग 15 एकड़ भूमि पर विकसित होगा. इस टर्मिनल के बनने से गुरुग्राम में बस सेवाओं की कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी और साथ ही ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि वर्तमान में शहर के बीचोंबीच स्थित पुराने बस स्टैंड की जगह यात्रियों और कर्मचारियों के लिए छोटी पड़ चुकी है. वहीं, बसों के लगातार आवागमन से आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और विकासशील शहरी क्षेत्र को देखते हुए अब एक बड़े और आधुनिक सुविधाओं से लैस ISBT की आवश्यकता बन चुकी है. यहां से बसों का संचालन भी अधिक सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा.
हॉट स्पॉट प्रस्तावित साइट
उन्होंने बताया कि गांव सीही में बनने वाला यह नया ISBT हॉट स्पॉट जगहों में शामिल हैं क्योंकि यह द्वारका एक्सप्रेसवे, साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR), प्रस्तावित ग्लोबल सिटी, दिल्ली- गुरुग्राम हाइवे और रेलवे स्टेशन के नजदीक है. इससे यात्रियों को शहर के विभिन्न भागों और NCR क्षेत्र तक आसानी से सफर करने की सुविधा मिलेगी. उन्होंने इस प्रोजेक्ट की सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि ISBT निर्माण कार्य को समय पर धरातल पर उतारा जा सकें.
