गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार ने भोंडसी से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित मेट्रो रूट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कराने की योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है. चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HMRTC) की बोर्ड बैठक में यह फैसला लिया गया है. बैठक में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई है.
नए मेट्रो कॉरिडोर पर अध्ययन शुरू
HMRTC के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने बताया कि सेक्टर-56 से पंचगांव तक प्रस्तावित नए मेट्रो कॉरिडोर पर भी अध्ययन शुरू हो चुका है. इसके अलावा, सेक्टर- 36A के पास गांव सिंही में मेट्रो डिपो विकसित करने की योजना बनाई गई है.
हरियाणा में अन्य मेट्रो कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर भी तेज गति से काम हो रहा है. उन्होंने बताया कि बल्लभगढ़- पलवल मेट्रो विस्तार, बहादुरगढ़- आसौधा लिंक और गुरुग्राम- फरीदाबाद नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर के लिए भी DPR तैयार की जा रही है. इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से दिल्ली- एनसीआर में लोगों को सड़कों की भीड़- भाड़ से दूर आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा और नाममात्र समय में वह अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच जाएंगे.
सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी होगी मजबूत
इसके साथ ही दिल्ली- पानीपत- करनाल RRTS कॉरिडोर की संशोधित DPR को वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजा गया है जबकि दिल्ली- बावल कॉरिडोर को पहले ही पीआईबी स्तर पर मंजूरी मिल चुकी है. इन परियोजनाओं से गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
