गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम जिले से खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां सोहना क्षेत्र के बालूदा गांव में 150 करोड़ रुपए की लागत से इंटरनेशनल लेवल का खेल स्टेडियम बनाया जाएगा. नगर परिषद ने इसके निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है.
यह स्टेडियम लगभग 10 एकड़ भूमि पर तैयार किया जाएगा. नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता अजय पंघाल ने बताया कि स्टेडियम की DPR तैयार करने के लिए कंसल्टेंट नियुक्ति करने के लिए टेंडर लगा दिया गया है. DPR तैयार होने के साथ ही स्टेडियम के निर्माण कार्य को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी 2026 में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा.
खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
इस स्टेडियम में इंडोर व आउटडोर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होगी. इंडोर खेलों बैडमिंटन, कुश्ती, बास्केटबाल, टेबल टेनिस, लान टेनिस आदि के लिए यहां मल्टीपरपज हॉल का निर्माण किया जाएगा. आउटडोर में केवल हॉकी और फुटबॉल के खेल हो सकेंगे. एक बड़े स्विमिंग पूल का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि तैराकी प्रशिक्षण के लिए खिलाड़ियों को सुविधा मिल सके.
सोहना से इंटरनेशनल लेवल का खेल स्टेडियम बनाने की योजना 4 साल पुरानी है, लेकिन अब जाकर सिरे चढ़ने की उम्मीद से खिलाड़ियों ने राहत की सांस ली है. खिलाड़ियों का कहना है कि स्टेडियम बनने से यहां न केवल नेशनल और इंटरनेशनल लेवल की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो सकेगा, बल्कि खिलाड़ियों को भी तैयारियों के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ एक प्लेटफार्म की सुविधा मिलेगी.
युवा प्रतिभाओं में आएगा निखार
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सतबीर पहलवान ने बताया कि सोहना क्षेत्र में कई खिलाड़ियों ने नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. यहां के खिलाड़ियों का दुर्भाग्य रहा है कि ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम की सौगात तो मिली थी लेकिन आज तक खेल सुविधाओं से वंचित थे, लेकिन अब नगर परिषद ने इंटरनेशनल लेवल पर प्रस्तावित खेल स्टेडियम योजना को सिरे चढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है, जो सराहनीय है. खिलाड़ियों को स्टेडियम में सुविधाओं का लाभ मिलेगा, तो उनके खेल में निखार देखने को मिलेगा.
