गुरुग्राम | दक्षिण हरियाणा सहित NCR क्षेत्र के रेलयात्रियों को एक और नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का तोहफा मिला है. 5 अक्टूबर से शुरू हुई यह ट्रेन गुजरात के साबरमती से हरियाणा के गुरुग्राम तक सफर करेगी. साबरमती- गुरुग्राम वंदे भारत ट्रेन के संचालन का कई शहरों को फायदा पहुंचेगा. पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि अभी यह वंदे भारत सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन वनवे स्पेशल रूट के तौर पर चलेगी.
यह रहेगा शेड्यूल
वंदे भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन साबरमती से गुरुग्राम के बीच 8 स्टेशनों पर ठहराव करेगी. जिनमें मेहसाणा जंक्शन, पालनपुर, अबु रोड, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, जयपुर, अलवर और रेवाड़ी स्टेशन शामिल हैं. प्रत्येक स्टेशन पर 2 से 3 मिनट का ठहराव रहेगा.
यह ट्रेन साबरमती से शाम साढ़े 5 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08.25 बजे गुरुग्राम स्टेशन पर पहुंचेंगी. साबरमती से गुरुग्राम के बीच की दूरी तय करने में वंदे भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन साढ़े 14 घंटे का समय लेगी. गुरुग्राम से गुजरात के लिए यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में एक और तेज गति का विकल्प मिलेगा.
यह रहेगा किराया
साबरमती- गुरुग्राम वंदे भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव एसी श्रेणी की सीटों की सुविधा मिलेगी. एसी चेयर कार में साबरमती से गुरुग्राम तक प्रति व्यक्ति किराया 2250 रुपए और एक्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 4145 रुपए निर्धारित किया गया है.
