गुरुग्राम | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मंगलवार को गुरुग्राम दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने ‘विकसित गुरुग्राम महारैली’ को संबोधित किया. इस रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरुग्राम आज ना केवल हरियाणा का गौरव बन चुका है बल्कि पूरे देश की आर्थिक प्रगति का इंजन भी बन चुका है. इस दौरान उन्होंने गुरुग्राम के लोगों को नए साल का तोहफा देते हुए 113.64 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया.
विकास परियोजनाओं का किया उद्धाटन और शिलान्यास
इस मौके पर सीएम सैनी ने गुरुग्राम में 6 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. उन्होंने सदर बाजार में करीब 55 करोड़ रुपए की लागत से बनी मल्टी लेवल कार पार्किंग और सेक्टर 14 में लगभग 17 करोड़ रुपए की लागत से बने सामुदायिक केंद्र का उद्धाटन किया. इसी दौरान उन्होंने सेक्टर 16 में लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से बनी RMC मॉडल सड़क और नाले का शिलान्यस किया. इसके अलावा, सेक्टर 17A में करीब साढ़े 6 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज और पेयजल पाइपलाइन का भी शिलान्यास किया.
इसके साथ ही उन्होंने सेक्टर 16 में लगभग साढ़े 6 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले हॉस्टर के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. वहीं, साथ में नई सब्जी मंडी में करीब 19 करोड़ की लागत से होने वाली मरम्मत के कार्य का भी शिलान्यास किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री सैनी ने ये भी दावा किया कि सरकार ने एक साल के अंदर- अंदर चुनाव के दौरान किए गए 217 वादों में से 54 वादे पूरे कर दिए है और शेष पर कार्य चल रहा है.
नई स्कूल बिल्डिंग और स्पोर्ट्स हॉस्टल की घोषणा
‘विकसित गुरुग्राम रैली’ में सैनी ने घोषणा की कि गुरुग्राम पुलिस लाइंस के पास गौशाला मैदान में लगभग 5 करोड़ रूपए की लागत से नई स्कूल बिल्डिंग बनाई जाएगी और नेहरू स्टेडियम में एक नया स्पोर्ट्स हॉस्टल बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे और वरीजाबाद के PHC को बेहतर बनाकर 50 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा.
