ग्रामीणों के विरोध से नरम पड़े NHAI के तेवर, पंचगांव चौक पर बनेगा अंडरपास

गुरुग्राम | पंचगांव चौक पर अंडरपास निर्माण की मांग उठा रहे ग्रामीणों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. यहां अंडरपास बनाने को लेकर नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) अगले सप्ताह प्रस्ताव तैयार कर दिल्ली मुख्यालय भेज देगा. हालांकि, प्रस्ताव भेजने से पहले HSIIDC एवं NCRTC के अधिकारियों के साथ बैठक होगी क्योंकि पंचगांव चौक पर टोल प्लाजा के नजदीक ही रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम का स्टेशन बनना है.

underpass

अंडरपास का निर्माण इस हिसाब से किया जाएगा, ताकि आगे स्टेशन बनाने में कोई दिक्कत न उठानी पड़े. अंडरपास का निर्माण जल्द शुरू करने के लिए मानेसर या बिलासपुर में फ्लाईओवर का निर्माण करने वाली कंपनी को ही जिम्मेदारी देने पर विचार किया जाएगा. इससे टेंडर जारी करने से लेकर वर्क आर्डर जारी करने में समय की बचत होगी. इस तरह टोल प्लाजा के निर्माण के साथ- साथ अंडरपास का भी निर्माण जल्द पूरा हो सकेगा.

यहां शिफ्ट होगा टोल प्लाजा

दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर स्थित खेड़की दौला टोल प्लाजा को पंचगांव में शिफ्ट किया जाएगा. पंचगांव में टोल प्लाजा बनाने का काम शुरू भी हो चुका है लेकिन लंबे समय से यहां स्थानीय निवासी चौक पर फ्लाईओवर या अंडरपास निर्माण की मांग उठा रहे हैं. जब उन्हें पता चला कि टोल प्लाजा का काम शुरू हो चुका है, परंतु अंडरपास निर्माण की कोई योजना नहीं है तो उनका गुस्सा फूट पड़ा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, इस शहर में बनेगी नई अनाज मंडी

8 अगस्त को ग्रामीणों ने टोल प्लाजा का निर्माण कार्य रूकवा दिया और चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अंडरपास निर्माण की योजना नहीं है, तो 10 अगस्त को महापंचायत बुलाई जाएगी. ऐसे में ग्रामीणों के रूख को भांपते हुए NHAI ने महापंचायत से पहले ही पंचगांव चौक पर अंडरपास निर्माण का फैसला ले लिया. सोमवार यानि आज से प्रस्ताव तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा. अपने स्तर पर प्रस्ताव बनाने के बाद NHAI के अधिकारी HSIIDC एवं NCRTC के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. बैठक के बाद प्रस्ताव दिल्ली मुख्यालय स्वीकृति के लिए भेज दिया जायेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.