गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में नगर निगम की ओर से हरसरू गांव में सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है. यह कार्य 22 जून से 25 जुलाई तक चलेगा. निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. सड़क निर्माण के दौरान वाहनों की आवाजाही जारी रहने से काम प्रभावित हो सकता है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ सकती है. इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

यातायात पुलिस ने भारी वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें.
हरसरू मार्ग का उपयोग नहीं
पुलिस के अनुसार पटौदी से गाडौली, गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर आने वाले भारी वाहन हरसरू मार्ग का उपयोग नहीं कर सकेंगे. ऐसे वाहन चालक हयातपुर चौक से दाएं मुड़कर आगे बढ़ेंगे. इसके बाद, वे सती चौक से बाएं मुड़ेंगे और सीधा चलते हुए ऐलान चौक गोलचक्कर से होकर द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जाएंगे. इस वैकल्पिक मार्ग के जरिए वाहनों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा.
अलग रूट तय
गाडौली, गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे से हयातपुर तथा पटौदी की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है. ऐसे वाहन चालक हरसरू चौक से करीब 1.5 किलोमीटर सीधा ऐलान चौक की ओर जाएंगे. वहां गोलचक्कर से दाएं मुड़ने के बाद वे सती चौक पहुंचेंगे. सती चौक से फिर दाएं मुड़कर हयातपुर चौक होते हुए पटौदी की तरफ जा सकेंगे.
🚧 Traffic Advisory: Heavy vehicle diversion at Harsaru.
MCM road work 22 Jun–25 Jul 2026. Heavy vehicles fully restricted; 2 diversion routes via Hayatpur, Sati & Elan Chowk.
Plan ahead, follow diversion signs.
📞 112 | 1095#TrafficAdvisory #Harsaru #Gurugram pic.twitter.com/ZjNkZKAPdY— Gurugram Traffic Police (@TrafficGGM) June 22, 2026
लोगों से अपील
सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी. निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे. अधिकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी पहले की तुलना में अधिक सुगम होगी. प्रशासन ने सभी भारी वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें ताकि सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.